1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: सोना आज हुआ 32,000 रुपए के पार, चांदी में भी आई तेजी

Gold rate today: सोना आज हुआ 32,000 रुपए के पार, चांदी में भी आई तेजी

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Apr 12, 2018 02:20 pm IST,  Updated : Apr 12, 2018 02:20 pm IST

सकारात्मक वैश्विक संकेतों तथा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 300 रुपए की बढ़त के साथ 32,000 रुपए के स्तर को पार कर 32,150 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

bullion market- India TV Hindi
bullion market  

नई दिल्‍ली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों तथा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 300 रुपए की बढ़त के साथ 32,000 रुपए के स्तर को पार कर 32,150 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 240 रुपए के लाभ से 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम से ऊपर पहुंच गई। 

कारोबारियों ने कहा कि मजबूत वैश्विक रुख के अलावा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की लिवाली से हाजिर बाजार में सोने की कीमतों में तेजी आई है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना कल 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,352.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.60 प्रतिशत के लाभ से 16.65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी से इस धातु का आयात महंगा हुआ है। इससे भी यहां बहुमूल्य धातुओं में मजबूती रही। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 300-300 रुपए की बढ़त के साथ क्रमश: 32,150 रुपए और 32,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। पिछले चार सत्रों में सोना 500 रुपए मजबूत हुआ है। गिन्नी के भाव भी 100 रुपए की बढ़त के साथ 24,900 रुपए प्रति आठ ग्राम पर पहुंच गए। 

चांदी हाजिर भी 240 रुपए की बढ़त के साथ 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 225 रुपए की बढ़त के साथ 39,000 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का 1,000 रुपए की बढ़त के साथ लिवाल 75,000 और बिकवाल 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर पहुंच गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा