1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: 555 रुपए की तेजी के साथ सोना हुआ 32,000 रुपए के पार, चांदी ने भी लगाई ऊंची छलांग

Gold Rate Today: 555 रुपए की तेजी के साथ सोना हुआ 32,000 रुपए के पार, चांदी ने भी लगाई ऊंची छलांग

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 03, 2018 04:14 pm IST,  Updated : Oct 03, 2018 04:14 pm IST

स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली के कारण बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 555 रुपए की तेजी के साथ 32,030 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली के कारण बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 555 रुपए की तेजी के साथ 32,030 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने के कारण चांदी की कीमत भी 39,000 रुपए के स्तर को लांघ गई। 

बाजार सूत्रों ने कहा कि उत्तर अमेरिकी मुक्त व्यापार समझौते को बचाने के लिए अमेरिका और कनाडा के एक समझौते पर पहुंचने के बाद सकारात्मक वैश्विक संकेतों के कारण कारोबारी धारणा बेहतर हुई। उन्होंने कहा कि इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपए के 73.41 रुपए प्रति डॉलर के सर्वकालिक निम्न स्तर को छूने के बाद आयात महंगा हो गया। इसके कारण भी सोने की कीमतों में तेजी को बल मिला। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,207.60 डॉलर प्रति औंस हो गया। 

राष्ट्रीय राजधानी, दिल्ली में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 555-555 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 32,030 रुपए और 31,880 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुईं। सोमवार को सोने में 150 रुपए की गिरावट आई थी। गांधी जयंती के मौके पर दो अक्टूबर को सर्राफा बाजार बंद रहा। गिन्नी का भाव भी 100 रुपए की तेजी के साथ 24,600 रुपए प्रति आठ ग्राम पर बंद हुआ।  

सोने में तेजी के अनुरूप चांदी हाजिर की कीमत 450 रुपए की तेजी के साथ 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। जबकि चांदी साप्ताहिक डिलिवरी की कीमत 460 रुपए की तेजी के साथ 38,980 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। हालांकि चांदी सिक्का लिवाल 73,000 रुपए और बिकवाल 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित बना रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा