1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: लोकल ज्‍वेलर्स की खरीद बढ़ने से सोना हुआ 32 हजार के पार, चांदी हुई और चमकीली

Gold rate today: लोकल ज्‍वेलर्स की खरीद बढ़ने से सोना हुआ 32 हजार के पार, चांदी हुई और चमकीली

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 09, 2018 03:09 pm IST,  Updated : Jun 09, 2018 03:09 pm IST

मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय आभूषण निर्माताओं की सतत खरीद से सोना लगातार चौथे दिन मजबूत हुआ और 100 रुपए की बढ़त लेकर पुन: 32 हजार रुपए के स्तर के पार 32,050 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

gold buying- India TV Hindi
gold buying Image Source : GOLD BUYING

नई दिल्ली। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय आभूषण निर्माताओं की सतत खरीद से सोना लगातार चौथे दिन मजबूत हुआ और 100 रुपए की बढ़त लेकर पुन: 32 हजार रुपए के स्तर के पार 32,050 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं की मांग के बल पर 100 रुपए मजबूत होकर 41,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजारों की मजबूती तथा घरेलू हाजिर बाजार में खुदरा सर्राफा कारोबारियों की मांग की पूर्ति के लिए जारी खरीद ने सोने में तेजी को बल दिया है। वैश्विक स्तर पर कल न्यूयॉर्क में सोना 0.17 प्रतिशत मजबूत होकर 1,299 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी 0.60 प्रतिशत मजबूत होकर 16.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।  

स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 100-100 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 32,050 रुपए और 31,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले तीन दिनों में यह 350 रुपए मजबूत हुआ है। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर टिकी रही। 

चांदी तैयार 100 रुपए की बढ़त लेकर 41,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी भी 40 रुपए की तेजी के साथ 40,410 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। हालांकि चांदी के सिक्के पुराने स्तर पर ही टिके रहे। सिक्का लिवाल 76,000 रुपए और बिकवाल 77,000 रुपए प्रति सैकड़ा रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा