1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: शादी-विवाह के सीजन की खरीदारी से सोना 110 रुपए हुआ महंगा, चांदी में आई 300 रुपए की तेजी

Gold rate today: शादी-विवाह के सीजन की खरीदारी से सोना 110 रुपए हुआ महंगा, चांदी में आई 300 रुपए की तेजी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 09, 2019 03:52 pm IST,  Updated : Jan 09, 2019 03:52 pm IST

कारोबारियों ने कहा कि विशेषरूप से शादी विवाह के सीजन की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय जौहरियों की मांग से बाजार धारणा मजबूत हुई।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्ली। शादी-विवाह के सीजन की मांग को पूरा करने के लिए आभूषण विनिर्माताओं की लिवाली बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 110 रुपए मजबूत होकर 32,800 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की ताजा लिवाली से चांदी भी 300 रुपए मजबूत होकर 40,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। 

कारोबारियों ने कहा कि विशेषरूप से शादी विवाह के सीजन की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय जौहरियों की मांग से बाजार धारणा मजबूत हुई। हालांकि, नकारात्मक वैश्विक रुख से बहुमूल्य धातुओं में लाभ सीमित रहा। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में बुधवार को सोना टूटकर 1,283.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 0.26 प्रतिशत के नुकसान से 15.67 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीत 110-110 रुपए की बढ़त के साथ क्रमश: 32,800 और 32,650 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। इससे पिछले दो सत्रों में सोना 190 रुपए मजबूत हुआ था। आठ ग्राम वाली गिन्नी के दाम 25,200 रुपए प्रति इकाई पर कायम रहे। 

सोने की तरह चांदी हाजिर भी 300 रुपए की बढ़त के साथ 40,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 277 रुपए की बढ़त के साथ 39,333 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का लिवाल 1,000 रुपए की बढ़त के साथ 77,000 रुपए सैकड़ा रहा। वहीं चांदी बिकवाल भी 1,000 रुपए की बढ़त के साथ 78,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर पहुंच गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा