1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. लगातार 6वें दिन शेयर बाजारों में रही तेजी, सेंसेक्स 71 अंक और निफ्टी 35 अंक हुआ मजबूत

लगातार 6वें दिन शेयर बाजारों में रही तेजी, सेंसेक्स 71 अंक और निफ्टी 35 अंक हुआ मजबूत

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 18, 2019 04:43 pm IST,  Updated : Mar 18, 2019 04:43 pm IST

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 35.35 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,462.20 अंक पर बंद हुआ।

BSE Sensex- India TV Hindi
BSE Sensex Image Source : BSE SENSEX

मुंबई। देश के शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने तथा व्यापार घाटा कम होने से बाजार में तेजी रही। 

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान 38,369.59 अंक के उच्चस्तर तक पहुंचा। हालांकि, निवेशकों द्वारा लाभ वाले शेयरों में मुनाफा काटने से सेंसेक्स 37,952.10 अंक के नकारात्मक दायरे में आया। अंत में सेंसेक्स 70.75 अंक या 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,095.07 अंक पर बंद हुआ। 

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 35.35 अंक या 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,462.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 11,530.15 अंक का उच्चस्तर तथा 11,412.50 अंक का निचला स्तर छुआ। 

बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि व्यापार घाटा कम होने तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से बाजार धारणा को बल मिला। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में निर्यात 2.44 प्रतिशत बढ़ा। माह के दौरान सोने और पेट्रोलियम उत्पादों के आयात में गिरावट आई। इससे देश का व्यापार घाटा कम होकर 9.6 अरब डॉलर पर आ गया। 

इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 4,323.49 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,130.36 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा