1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Sensex पहुंचा 60,000 की दहलीज पर, निफ्टी भी लम्बी छलांग लगा कर ऑल टाइम हाई पर

Sensex पहुंचा 60,000 की दहलीज पर, निफ्टी भी लम्बी छलांग लगा कर ऑल टाइम हाई पर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 23, 2021 01:20 pm IST,  Updated : Sep 23, 2021 02:53 pm IST

इसी साल 3 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में 50000 का स्तर पार किया था। ऐसे में सिर्फ 8 महीनों के भीतर शेयर बाजार ने करीब 10000 अंकों की छलांग लगाई है।

Sensex पहुंचा 60,000 की दहलीज...- India TV Hindi
Sensex पहुंचा 60,000 की दहलीज पर, 750 अंकों की तेजी के साथ ऑल टाइम हाई पर कर रहा है कारोबार

भारतीय शेयर बाजार की रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार का सिलसिला जारी है। गुरुवार को एक और जबर्दस्त छलांग के साथ बाजार 60000 अंकों की दहलीज पर पहुंच गया है। गुरुवार (दोपहर 1.10 बजे) सेंसेक्स 759.96 अंकों की तेजी के साथ 59,687.29 पर पहुंच गया है। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि बाजार शुक्रवार तक 60000 रुपये का रिकॉर्ड स्तर छू सकता है। बता दें कि इसी साल 3 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में 50000 का स्तर पार किया था। ऐसे में सिर्फ 8 महीनों के भीतर शेयर बाजार ने करीब 10000 अंकों की छलांग लगाई है। 

बता दें कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व की ओर से जल्द ब्याज दरें नहीं बढ़ने और चीन में आए संकट से मिली राहत के बाद दुनियाभर के शेयर बाजारों में तेजी का रुझान बना हुआ है। इसका असर भारतीय बाजार में भी दिखाई दे रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला फिलहाल थमने की कोई आशंका नहीं है। क्योंकि विदेशी निवेशकों को ओर से खरीदारी जारी है। ऐसे में निवेशक लॉन्ग टर्म के लिए अच्छे फंडामेंटल वाले शेयरों पर दांव लगा सकते है।

सेंसेक्स के प्रमुख मील के पत्थर

तारीख सेंसेक्स का स्तर
25 जुलाई 1990 1,007.97
15 जनवरी 1992 2,020.18
11 अक्टूबर 1999 5,031.78
07 फरवरी 2006 10,082.28
11 दिसंबर 2007  20,290.89
26 अप्रैल 2017 30,133.35
03 जून 2019  40,267.62
03 फरवरी 2021 50,255.75

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से आज 24 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी जा रही है और 6 कंपनियों के शेयर लाल निशान के साथ ट्रेड हो रहे हैं। बढ़ने वाली कंपनियों में सबसे आगे बजाज फिनसर्व के शेयर हैं जिनमें लगभग 5 प्रतिशत का उछाल आ चुका है, इसके अलावा लार्सन एंड टूब्रो, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्री, कोटक महिंद्र बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज ऑटो, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। निफ्टी की भी 50 में से 38 कंपनियों के शेयरों में तेजी है और 12 में लाल निशान के साथ कारोबार हो रहा है। 

सेक्टर इंडेक्स की बात करें तो रियल्टी और बैंकिंग इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेड इंडेक्स, मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स में भी ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा