1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. धनतेरस पर बाजार की कमजोर शुरुआत, 100 अंक गिरकर सेंसेक्स 35,000 से नीचे पहुंचा

धनतेरस पर बाजार की कमजोर शुरुआत, 100 अंक गिरकर सेंसेक्स 35,000 से नीचे पहुंचा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 05, 2018 10:58 am IST,  Updated : Nov 05, 2018 10:58 am IST

कमजोर वैश्विक रुख और मुनाफावसूली के बीच बैंकिंग, धातु एवं वाहन कंपनियों के शेयर में गिरावट से सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 100 अंक गिरा।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market

कमजोर वैश्विक रुख और मुनाफावसूली के बीच बैंकिंग, धातु एवं वाहन कंपनियों के शेयर में गिरावट से सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 100 अंक गिरा। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक शुरुआती कारोबार में 100.54 अंक यानी 0.29 प्रतिशत गिरकर 34,911.11 अंक पर आ गया। शुक्रवार को सेंसेक्स करीब 580 अंक चढ़ा था। 

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती दौर में 39.80 अंक यानी 0.38 प्रतिशत गिरकर 10,513.20 अंक पर आ गया। ब्रोकरों ने कहा कि शुक्रवार की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफा वसूली और वॉल स्ट्रीट में गिरावट के साथ अन्य एशियाई बाजारों में नकारात्मक रुख के चलते घरेलू शेयर बाजार पर भी दबाव रहा। 

तात्कालिक आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 196.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) 852.99 करोड़ रुपये के शुद्ध लिवाल रहे। अन्य एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई सूचकांक 1.16 प्रतिशत, हांगकांग का हेंग सेंग सूचकांक 2.52 प्रतिशत, शंघाई कंपोजिट सूचकांक 2 प्रतिशत गिरा। कोरिया शेयर बाजार 1.50 प्रतिशत और ताइवान का 0.89 प्रतिशत गिरा। अमेरिका का डाउ जोंस इंडस्ट्रियल शुक्रवार को कारोबार की समाप्ति पर 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा