1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: शादी सीजन की वजह से बढ़ी सोने की मांग, भाव 225 रुपए बढ़कर हो गया 32,450 रुपए/10 ग्राम

Gold rate today: शादी सीजन की वजह से बढ़ी सोने की मांग, भाव 225 रुपए बढ़कर हो गया 32,450 रुपए/10 ग्राम

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Apr 25, 2018 03:13 pm IST,  Updated : Apr 25, 2018 03:13 pm IST

विदेशों में कमजोर रुख के बावजूद शादी-विवाह के सीजन की मांग को पूरा करने के लिए स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की खरीदारी बढ़ने से आज सर्राफा बाजार में सोने का भाव 225 रुपए की तेजी के साथ 32,450 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया।

gold rate - India TV Hindi
gold rate

नई दिल्‍ली। विदेशों में कमजोर रुख के बावजूद शादी-विवाह के सीजन की मांग को पूरा करने के लिए स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की खरीदारी बढ़ने से आज सर्राफा बाजार में सोने का भाव 225 रुपए की तेजी के साथ 32,450 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। वहीं औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की ओर से उठाव बढ़ने से चांदी की कीमत भी 200 रुपए बढ़कर 40,700 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि चालू शादी-विवाह सीजन की वजह से हाजिर बाजार में स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की खरीदारी बढ़ने से सोने की कीमतों में तेजी लौटी है। लेकिन विदेशों में कमजोर रुख ने इस तेजी को आज सीमित कर दिया। इसके अलावा, फॉरेक्‍स मार्केट में इंट्राडे कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए के 66.82 के स्‍तर पर पहुंचने से भी कीमती धातु का आयात महंगा हो गया है, इस वजह से भी कीमतों को बल मिल रहा है।

वैश्विक स्‍तर पर, मजबूत डॉलर की वजह से पीली धातु की चमक सुरक्षित निवेश के तौर पर घटी है और सिंगापुर में सोना 0.38 प्रतिशत घटकर 1324.70 डॉलर प्रति औंस रह गया, वहीं चांदी भी 0.42 प्रतिशत घटकर 16.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 225-225 रुपए बढ़ने के बाद क्रमश: 32,450 रुपए और 32,300 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। हालांकि, गिन्‍नी का भाव पूर्व स्‍तर 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा।  

चांदी हाजिर भी 200 रुपए की तेजी के साथ 40,700 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 100 रुपए सुधरकर 39,575 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी सिक्‍कों का भाव बिना किसी बदलाव के 75,000 रुपए खरीद और 76000 रुपए बिक्री प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा