Monday, February 09, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मिस्टर सोना-चांदी- बस भी करो यार! और कहां तक होगे महंगे? आज फिर बना डाला नया रिकॉर्ड, जानें भाव

मिस्टर सोना-चांदी- बस भी करो यार! और कहां तक होगे महंगे? आज फिर बना डाला नया रिकॉर्ड, जानें भाव

Edited By: Sourabha Suman @sourabhasuman
Published : Dec 26, 2025 06:44 pm IST, Updated : Dec 26, 2025 06:44 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी ने भी इतिहास रच दिया। हाजिर चांदी पहली बार 75 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गई। इस साल अब तक सोने की कीमतों में 63,350 रुपये यानी 80.24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है।

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भी कीमती धातुओं में तेजी बनी रही और सोना तथा चांदी दोनों ने नए रिकॉर्ड - India TV Paisa
Photo:FREEPIK सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भी कीमती धातुओं में तेजी बनी रही और सोना तथा चांदी दोनों ने नए रिकॉर्ड स्तर छू लिए।

वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के चलते शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 9,350 रुपये की छलांग के साथ अपने अब तक के सर्वोच्च स्तर 2,36,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले बुधवार को चांदी 2,27,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। पिछले चार कारोबारी सत्रों में ही चांदी की कीमतों में कुल 32,250 रुपये यानी करीब 15.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 दिसंबर को चांदी का भाव 2,04,100 रुपये प्रति किलो था।

कैलेंडर वर्ष के लिहाज से देखें तो चांदी ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। इस साल अब तक इसकी कीमत में 1,46,650 रुपये यानी 163.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2024 को चांदी 89,700 रुपये प्रति किलो पर थी।

सोने की चमक बरकरार

स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में भी तेजी का सिलसिला जारी रहा। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,500 रुपये चढ़कर नया रिकॉर्ड बनाते हुए 1,42,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,40,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस साल अब तक सोने की कीमतों में 63,350 रुपये यानी 80.24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2024 को सोने का भाव 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भी कीमती धातुओं में तेजी बनी रही और सोना तथा चांदी दोनों ने नए रिकॉर्ड स्तर छू लिए।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी रिकॉर्ड तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं ने नई ऊंचाइयों को छुआ। हाजिर सोना 50.87 डॉलर यानी 1.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 4,530.42 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। मिराए एसेट शेयरखान के हेड (कमोडिटीज एंड करेंसीज) प्रवीन सिंह ने कहा कि फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीदों और कमोडिटी बाजार में सकारात्मक माहौल के कारण सोना रिकॉर्ड स्तर पर बना हुआ है। साल के अंत की छुट्टियों के चलते कम कारोबार ने कीमतों में उतार-चढ़ाव को और बढ़ा दिया है।

चांदी ने भी इतिहास रचा

वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी ने भी इतिहास रच दिया। हाजिर चांदी पहली बार 75 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गई और 3.72 डॉलर यानी 5.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 75.63 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई। सौमिल गांधी ने बताया कि शुक्रवार को एशियाई कारोबार के दौरान चांदी 75 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। मजबूत तेजी ने दिसंबर की शुरुआत से ही मोमेंटम आधारित निवेशकों को आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि साल के अंत और क्रिसमस की छुट्टियों के चलते बाजार में कम तरलता ने इस तेजी को और तेज कर दिया।

चांदी को मिल रहा समर्थन

रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा कि चांदी कई वर्षों से वैश्विक स्तर पर आपूर्ति घाटे का सामना कर रही है। खनन उत्पादन मांग के मुकाबले पीछे है, जबकि ऊपर-जमीन भंडार लगातार घट रहे हैं। उनका कहना है कि यदि भौतिक बाजार में यह संरचनात्मक कमी और गहराती है, तो चांदी की कीमतों में और तेज उछाल देखने को मिल सकता है। चांदी सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), 5G/AI इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य स्वच्छ तकनीकी बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इन क्षेत्रों के विस्तार के साथ औद्योगिक मांग तेजी से बढ़ रही है, जो आपूर्ति से आगे निकल सकती है। त्रिवेदी के मुताबिक, कमजोर डॉलर और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग जैसे कारक मिलकर 2026 तक चांदी की कीमतों को 100 डॉलर प्रति औंस तक ले जा सकते हैं।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement