1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मुनाफा 1135% ऊपर! इस फार्मा कंपनी का शेयर बना रॉकेट, शेयर ने मारी 20% की छलांग

मुनाफा 1135% ऊपर! इस फार्मा कंपनी का शेयर बना रॉकेट, शेयर ने मारी 20% की छलांग

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 04, 2026 11:52 pm IST,  Updated : Feb 04, 2026 11:52 pm IST

शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बीच बुधवार को एक स्मॉलकैप फार्मा कंपनी ने निवेशकों को चौंका दिया। शानदार तिमाही नतीजों के दम पर एनजीएल फाइन केम लिमिटेड का शेयर रॉकेट की रफ्तार से उड़ा और एक ही दिन में 20% की छलांग लगा बैठा।

फार्मा कंपनी का शेयर...- India TV Hindi
फार्मा कंपनी का शेयर बना रॉकेट! Image Source : CANVA

शेयर बाजार में जब ज्यादातर निवेशक उतार-चढ़ाव से जूझ रहे थे, तब एक स्मॉलकैप फार्मा कंपनी ने निवेशकों को चौंका दिया। एनजीएल फाइन केम लिमिटेड के शेयरों में बुधवार को ऐसी जबरदस्त तेजी देखने को मिली कि यह स्टॉक सीधे अपर सर्किट पर पहुंच गया। दमदार तिमाही नतीजों के बाद कंपनी का शेयर 20 फीसदी उछलकर नई ऊंचाई पर जा पहुंचा और निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

20% की छलांग, 52 हफ्ते का नया हाई

बुधवार को एनजीएल फाइन केम लिमिटेड के शेयर बीएसई पर 20 प्रतिशत की तेजी के साथ 2188.25 रुपये पर बंद हुए। इसके साथ ही यह स्टॉक अपने 52 हफ्ते के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। बाजार में यह तेजी कंपनी के दिसंबर 2025 तिमाही के शानदार वित्तीय नतीजों के बाद देखने को मिली, जिसने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।

मुनाफे में 1135% से ज्यादा का उछाल

कंपनी के नतीजे वाकई चौंकाने वाले रहे। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में एनजीएल फाइन केम का कंसॉलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 1135.43 प्रतिशत बढ़कर 15.69 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने केवल 1.27 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। तिमाही आधार पर भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा और सितंबर 2025 तिमाही के मुकाबले मुनाफा 63.10 प्रतिशत बढ़ा।

रेवेन्यू में भी दमदार ग्रोथ

सिर्फ मुनाफा ही नहीं, बल्कि कंपनी के रेवेन्यू में भी शानदार बढ़ोतरी हुई है। दिसंबर तिमाही में एनजीएल फाइन केम का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 43.11 प्रतिशत बढ़कर 127.51 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 89.10 करोड़ रुपये था। इससे साफ है कि कंपनी की ऑपरेशनल ग्रोथ भी मजबूत बनी हुई है।

एक महीने में 53% की तेजी

एनजीएल फाइन केम के शेयरों ने हाल के महीनों में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में ही कंपनी के शेयर 53 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ चुके हैं। वहीं, पिछले छह महीनों में यह तेजी 70 प्रतिशत से अधिक रही है। साल 2026 में अब तक यह स्टॉक करीब 56 प्रतिशत उछल चुका है। कंपनी का 52 हफ्ते का निचला स्तर 962.70 रुपये रहा है, जिससे मौजूदा स्तर पर इसकी मल्टीबैगर जैसी तेजी साफ नजर आती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा