इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर के बाद ग्लोबल मार्केट में पॉजिटिव संकेत का असर घरेलू शेयर बाजार पर लगातार देखने को मिल रहा है। बीएसई सेंसेक्स गुरुवार को 1000.36 अंक की धमाकेदार उछाल के साथ 83,755.87 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी भी 304.25 अंक की तेज उछाल के साथ 25,549.00 के स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबारी सत्र में निफ्टी में सबसे ज्यादा लाभ में रहने वाले स्टॉक्स में श्रीराम फाइनेंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, इटरनल, जियो फाइनेंशियल, अडानी पोर्ट्स शामिल रहे, जबकि नुकसान में रहने वाले शेयरों में डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज, टेक महिंद्रा, हीरो मोटोकॉर्प, मारुति सुजुकी, एसबीआई शामिल रहे।
Related Stories
37 शेयर ऐसे रहे जो 52-सप्ताह के निचले स्तर पर
भू-राजनीतिक तनाव कम होने से बढ़ते आशावाद और बाजार में भारी वजन रखने वाले एचडीएफसी बैंक तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी के बीच भारतीय शेयर बाजारों में तेजी लगातार जारी रही। मार्केट दिन के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया। गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान 37 शेयर ऐसे रहे जो 52-सप्ताह के निचले स्तर पर चले गए। 127 शेयर 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। आज के कारोबार में बीएसई मिडकैप 250 अंक या 0.56% बढ़कर 46,362.77 पर पहुंच गया। दूसरी तरफ, बीएसई स्मॉलकैप 63 अंक या 0.12% बढ़कर 53,960.57 पर स्थिर रहा।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,427. 74 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,372. 96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
ग्लोबल मार्केट और क्रूड
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुआ। मध्य सत्र के सौदों में यूरोपीय बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत बढ़कर 67.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध के चलते दुनियाभर के बाजारों पर लगातार दबाव देखा जा रहा था। इसकी वजह से निवेशकों को भारी नुकसान का सामना भी करना पड़ा है।