1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी! सेंसेक्स 862 अंक उछला, निफ्टी 4 महीने के हाई पर; क्या इस बंपर तेजी की असली वजह?

शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी! सेंसेक्स 862 अंक उछला, निफ्टी 4 महीने के हाई पर; क्या इस बंपर तेजी की असली वजह?

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 16, 2025 03:53 pm IST,  Updated : Oct 16, 2025 03:54 pm IST

त्योहारों से पहले शेयर बाजार में निवेशकों की बल्ले-बल्ले हो गई। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 862.23 अंकों की छलांग लगाकर 83,467.23 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 261.75 अंक चढ़कर 25,585.30 पर बंद हुआ।

Stock market- India TV Hindi
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। Image Source : CANVA

दिवाली से पहले शेयर बाजार में निवेशकों के चेहरे खिल गए हैं। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 862.23 अंकों की छलांग लगाकर 83,467.23 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 261.75 अंक चढ़कर 25,585.30 के स्तर तक पहुंच गया, जो करीब चार महीने का सबसे हाई लेवल है। बाजार में यह उछाल मुख्य रूप से बैंकिंग शेयरों की मजबूती, विदेशी निवेश के फ्लो और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों के चलते देखने को मिली।

बैंकिंग शेयरों ने दी बाजार को रफ्तार

गुरुवार की तेजी में सबसे अहम भूमिका बैंकिंग शेयरों की रही। बैंक निफ्टी ने पिछले सत्र की गिरावट से उबरते हुए करीब आधा प्रतिशत की मजबूती दर्ज की। एक्सिस बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और अन्य निजी बैंकों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। बैंकिंग सेक्टर में बढ़त से पूरे बाजार का सेंटिमेंट सकारात्मक बना रहा।

विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा

विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) और घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) दोनों ही बाजार में खरीदार बने हुए हैं। बुधवार को एफआईआई ने 68.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि डीआईआई ने 4,650.08 करोड़ रुपये की बड़ी खरीदारी की। इस लगातार निवेश प्रवाह से रुपये को मजबूती मिली और बाजार में लिक्विडिटी बनी रही।

ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेत

एशिया के बाजारों में मजबूती का असर भारतीय बाजार पर भी दिखा। जापान का निक्केई 225, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स सभी हरे निशान में रहे। अमेरिकी बाजारों से भी पॉजिटिव ट्रेंड मिले। एक्सपर्ट के मुताबिक, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और IMF द्वारा भारत की GDP ग्रोथ 6.6% तक बढ़ाने के अनुमान ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है।

भारत-अमेरिका ट्रेड टॉक्स से बढ़ी उम्मीदें

निवेशकों की नजरें भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर भी टिकी हैं। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल वॉशिंगटन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत में शामिल होंगे, जहां ऊर्जा व्यापार पर चर्चा की संभावना है। इस खबर से बाजार में अच्छा माहौल बना।

रुपये की मजबूती ने दी सपोर्ट

रुपया भी गुरुवार को डॉलर के मुकाबले 40 पैसे मजबूत होकर 87.68 पर पहुंच गया। डॉलर इंडेक्स के नरम पड़ने, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजार की मजबूती से रुपये को सहारा मिला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा