1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में आज मंदड़ियों की मौज, 1100 अंक तक गिरा दिया सेंसेक्स, निवेशकों ने की जमकर मुनाफावसूली

शेयर बाजार में आज मंदड़ियों की मौज, 1100 अंक तक गिरा दिया सेंसेक्स, निवेशकों ने की जमकर मुनाफावसूली

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Dec 20, 2023 03:58 pm IST,  Updated : Dec 20, 2023 04:07 pm IST

शेयर बाजार में बुधवार को निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1100 अंक से अधिक गिर गया था। यह 930 अंक गिरकर 70,506 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 302 अंक की जबरदस्त गिरावट के साथ 21,150 पर बंद हुआ।

शेयर मार्केट- India TV Hindi
शेयर मार्केट Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 1100 अंक से अधिक गिर गया था। हैरानी वाली बात यह है कि बुधवार के कारोबार में ही सेंसेक्स ने 71,913.07 अंक के साथ ऑल टाइम हाई बनाया था। लेकिन इसके बाद जबरदस्त गिरावट आई। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 70,302 अंक तक गिर गया था। यह 1.30 फीसदी या 930 अंक गिरकर 70,506 पर बंद हुआ है। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 1.41 फीसदी या 302 अंक की जबरदस्त गिरावट के साथ 21,150 पर बंद हुआ। बाजार की वैल्यूएशन और ओवरबॉट संकेतों से जुड़ी चिंताओं के बीच निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की है।

सारे सेक्टोरल सूचकांक लाल निशान पर हुए बंद

निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप सूचकांकों में आज बड़ी गिरावट आई। दोनों ही करीब 3 फीसदी से अधिक लुढ़क गए। सभी सेक्टोरल सूचकांक लाल निशान पर बंद हुए। ऑटो, मीडिया, मेटल, पीएसयू बैंक और रियल्टी शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दिखी। अडानी पोर्ट्स और अडानी एंटरप्राइजेज करीब 6 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, टाटा स्टील 5 फीसदी लुढ़क गया। एसबीआई और टाटा मोटर्स भी 3 फीसदी गिर गए। जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 1 फीसदी से अधिक की गिरावट दिखी। 

इन शेयरों में आई बड़ी गिरावट

रिलायंस पावर का शेयर आज 10 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। आईआरएफसी और आईआरसीटीसी करीब 7-8 फीसदी गिर गए। वहीं, यस बैंक और वोडाफोन आइडिया के शेयर में 6-7 फीसदी की गिरावट दिखी। प्रतिशत के हिसाब से देखें, तो निफ्टी में आई आज की गिरावट 26 अक्टूबर के बाद की सबसे बड़ी सिंगल डे गिरावट थी। पिछले एक महीने में निफ्टी में 1400 अंक या 7.2 फीसदी का उछाल आया है। नवंबर महीना निफ्टी के लिए 2023 का सबसे अच्छा महीना रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा