1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Women's day 2024: हेल्थ इंश्योरेंस में विशेष रुचि दिखा रहीं महिलाएं, इस उम्र की पॉलिसीहोल्डर्स हैं सबसे ज्यादा

Women's day 2024: हेल्थ इंश्योरेंस में विशेष रुचि दिखा रहीं महिलाएं, इस उम्र की पॉलिसीहोल्डर्स हैं सबसे ज्यादा

 Written By: Sourabha Suman
 Published : Mar 08, 2024 07:00 am IST,  Updated : Mar 08, 2024 11:17 am IST

प्रिवेंटिव केयर सर्विस को चुनने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी में दोगुना उछाल देखा गया है, जो लॉन्ग टर्म वेलनेस सुनिश्चित करने के लिए बीमारी की तुरंत पहचान और रोकथाम के महत्व पर जोर देता है।

40 से कम उम्र के पॉलिसीधारकों की संख्या 47% से बढ़कर 52% हो गई है।- India TV Hindi
40 से कम उम्र के पॉलिसीधारकों की संख्या 47% से बढ़कर 52% हो गई है। Image Source : CANVA

महिलाओं में हेल्थ इंश्योरेंस को लेकर विशेष जागरुकता देखने को मिल रही है। एक लेटेस्ट सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, महिलाओं द्वारा खरीदे जाने वाले हेल्थ इंश्योरेंस की संख्या में 40 प्रतिशत की ग्रोथ देखी गई है। वित्तीय वर्ष 2023 के मुकाबले वित्तीय वर्ष 2024 में यह ग्रोथ देखने को मिला है। इंश्योरंस ब्रोकर कंपनी पॉलिसीबाजार के एक लेटेस्ट सर्वे में यह बात निकलकर सामने आई है। 23 हजार से अधिक लोगों के साथ महिलाओं की हेल्थ इंश्योरेंस के प्रति रुचि को जानने के लिए किए गए सर्वे के मुताबिक, अपने लिए स्टैंडअलोन कवरेज खरीदने वाली महिलाओं की संख्या में पिछले साल की तुलना में 43% बढ़ोतरी देखी गई है।

हाई कवरेज को देने लगी हैं प्रायोरिटी

खबर के मुताबिक, हेल्थ इंश्योरेंस में महिलाएं अब हाई कवरेज को भी प्रायोरिटी में रख रही हैं। सर्वे में पता चला है कि महिलाएं हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के तहत ज्यादा कवरेज का चुनाव कर रही हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 25 लाख रुपये से अधिक का कवरेज चुनने वाली महिलाओं की संख्या 15% से बढ़कर 24% हो गई है। वहीं 25 लाख से कम बीमा राशि चुनने वाली महिलाओं की संख्या में 7% की गिरावट देखी गई है। यह मेडिकल इमरजेंसी के दौरान व्यापक कवरेज और वित्तीय रूप से सुरक्षित होने के बढ़ते महत्व को दर्शाता है।

पॉलिसी खरीदारों की उम्र और ट्रेंड

सर्वे में यह भी सामने आया कि 40 से कम उम्र के पॉलिसीधारकों की संख्या 47% से बढ़कर 52% हो गई है। वहीं 25 वर्ष से कम आयु वालों में 22% की वृद्धि, 26 से 35 आयु वर्ग में 9.8% और 41-50 आयु वर्ग में 11.7% की बढ़ोतरी देखी गई है।  हालांकि, हेल्थ इंश्योरेंस खरीदने वाली बुजुर्ग महिलाओं की बात करें तो उनकी संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। 51-60 आयु वर्ग में पॉलिसीधारकों की हिस्सेदारी 20% से गिरकर 17% हो गई है और 60+ आयु वर्ग में 17% से गिरकर 13% हो गई है।

इनोवेटिव और कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट्स ने काफी कुछ बदला

सर्वे रिपोर्ट में कहा गया है कि मैटरनिटी इंश्योरेंस, इंश्योरेंस इकोसिस्टम के अंदर पेश की गई एक नई अवधारणा है, जो 31% की वृद्धि के साथ महिलाओं के बीच गति पकड़ रही है। इसका श्रेय हाल ही में लॉन्च किए गए इनोवेटिव और कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट्स को दिया जा सकता है। वहीं, क्रिटिकल इलनेस कवर खरीदने वाली महिलाओं की संख्या में भी 20% की वृद्धि देखने को मिली है। क्लेम फाइल करने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी में भी 25% की वृद्धि हुई है, जो दर्शाता है कि कैसे इंश्योरेंस इंडस्ट्री महिलाओं को बिना किसी वित्तीय तनाव के समय पर हेल्थ सर्विस तक पहुंच सुनिश्चित करने में सक्षम है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा