1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब के सीएम भगवंत मान विधायकों के साथ करेंगे अनशन, केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध

पंजाब के सीएम भगवंत मान विधायकों के साथ करेंगे अनशन, केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध

 Published : Apr 06, 2024 12:56 pm IST,  Updated : Apr 06, 2024 01:02 pm IST

रूपनगर से विधायक चड्ढा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी में भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार का हाथ है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक को भाजपा अपने लिए ‘‘सबसे बड़ा खतरा’’ मानती है।

भगवंत मान के साथ केजरीवाल- India TV Hindi
भगवंत मान के साथ केजरीवाल Image Source : FILE-PTI

 चंडीगढ़: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को अनशन करेंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में सात अप्रैल को देशव्यापी सामूहिक अनशन का आह्वान किया है।

15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में सात अप्रैल को शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकर कलां में अनशन करेंगे।

बीजेपी पर लगाया गंभीर आरोप

उन्होंने पंजाब के लोगों से भी अनशन में शामिल होने की अपील की। रूपनगर से विधायक चड्ढा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी में भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार का हाथ है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक को भाजपा अपने लिए ‘‘सबसे बड़ा खतरा’’ मानती है।

सीएम ने की विधायकों के साथ मीटिंग

इससे पहले भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को फतेहगढ़ साहिब सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार और क्षेत्र के विधायकों के साथ चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की थी। पंजाब में आप के चुनाव प्रचार प्रभारी मान ने विधायकों से उनके निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में जानकारी ली और लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श किया। आप ने 2022 के विधानसभा चुनावों में फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट के अंतर्गत सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की थी।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।