1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में बसपा के साथ 'खेला', होशियारपुर सीट का उम्मीदवार आम आदमी पार्टी में शामिल

पंजाब में बसपा के साथ 'खेला', होशियारपुर सीट का उम्मीदवार आम आदमी पार्टी में शामिल

 Published : May 08, 2024 06:03 pm IST,  Updated : May 08, 2024 06:51 pm IST

पंजाब में होशियारपुर सीट से लोकसभा उम्मीदवार राकेश सोमन पार्टी से इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। सीएम मान ने उनका स्वागत किया।

सीएम भगवंत मान के साथ राकेश सोमन - India TV Hindi
सीएम भगवंत मान के साथ राकेश सोमन Image Source : X@AAPPUNJAB

चंडीगढ़ः पंजाब की होशियारपुर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार राकेश सोमन ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया और आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमन का पार्टी में स्वागत किया। सोमन ने आप में शामिल होने के बाद कहा कि वह मान सरकार की नीतियों से प्रभावित हैं। सोमन ने कहा, ‘‘आज मैं आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहा हूं। मैं मान सरकार द्वारा गरीबों को अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे कार्यों से प्रभावित हूं।

सीएम मान ने कही ये बात

मुख्यमंत्री मान ने इस अवसर पर कहा कि उनकी सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है। मान ने कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों में हमने आम लोगों के इलाज के लिए 829 'आम आदमी क्लीनिक' बनाए हैं और हम गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए राज्य में 'स्कूल ऑफ एमिनेंस' का निर्माण कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘हमने पंजाब के लोगों के लिए हर महीने 300 यूनिट बिजली मुफ्त कर दी। आज प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत घरों में बिजली का बिल शून्य आ रहा है। 

धर्मवीर गांधी ने पटियाला सीट से नामांकन दाखिल किया 

उधर, पटियाला लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार धर्मवीर गांधी ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले उन्होंने पटियाला में एक रोड शो निकाला। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। वडिंग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं पटियाला से निवर्तमान सांसद परनीत कौर पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘लोग अच्छे से समझते हैं कि महाराजाओं और महारानियों का समय खत्म हो चुका है। मुझे नहीं लगता कि महारानी साहिबा (परनीत कौर) ने कभी संसद में कोई मुद्दा उठाया था।

कौर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला के शाही परिवार की सदस्य हैं। वडिंग ने विश्वास जताया कि गांधी भारी अंतर से सीट जीतेंगे। पेशे से चिकित्सक गांधी ने 2014 में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार के रूप में पटियाला से कांग्रेस उम्मीदवार कौर को हराकर लोकसभा चुनाव जीता था। उन्होंने 2016 में ‘आप’ छोड़ दी और पिछले माह कांग्रेस में शामिल हो गए।  

14 मई नामांकन की आखिरी तारीख

बता दें कि पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 14 मई तक जारी रहेगी जबकि नामांकन पत्रों की जांच 15 मई को होगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 17 मई है। पंजाब की 13 लोकसभा सीट पर मतदान एक जून को होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।