1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. रस्सी से बांधकर तेल छिड़का और लगा दी आग, प्रेमिका ने प्रेमी को जिंदा जलाया, मौत के बाद मचा बवाल

रस्सी से बांधकर तेल छिड़का और लगा दी आग, प्रेमिका ने प्रेमी को जिंदा जलाया, मौत के बाद मचा बवाल

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 17, 2026 11:31 pm IST,  Updated : Jul 17, 2026 11:32 pm IST

पंजाब के अमृतसर में एक युवती ने शादीशुदा प्रेमी को घर बुलाया और उसे रस्सी से बांधकर तेल छिड़क कर आग लगा दी। युवक की मौत के बाद पुलिस को फोन किया और बताया, उसने आत्महत्या कर ली है।

अमृतसर में हत्या का मामला- India TV Hindi
अमृतसर में हत्या का मामला

अमृतसर में 15 जुलाई को अपने बॉयफ्रेंड को जिंदा जलाकर मार डालने का आरोप युवती पर लगा है। इस मामले में पुलिस ने उसके चचेरे भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती ने युवक को अपने घर बुलाया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवती ने अपने चचेरे भाई की मदद से युवक को रस्सियों से बांधा और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद पुलिस को आत्महत्या की सूचना दी। पुलिस ने युवती और उसके चचेरे भाई समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। 

तीन दिन पहले भी हत्या की कोशिश की

युवती तीन दिन पहले भी उसे जान से मारने की नीयत से उसके घर पहुंची थी। उस समय उसने युवक के परिजन को बताया था कि पेट्रोल गुरुद्वारे में दान करना है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी परिवार ने शेयर किया है। फुटेज में युवती लड़के के घर के पास स्थित फोटोस्टेट की दुकान में दिखाई दे रही है। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर युवती से विनती करता नजर आ रहा है। जबकि, युवती काउंटर पर पैर रखकर कुर्सी पर बैठी दिखाई देती है। वह उसे बार-बार उंगलियां दिखाकर धमका रही थी। करीब 10 मिनट के बाद युवती वहां से चली जाती है।

शादीशुदा संदीप को युवती ने दी मौत

मृतक संदीप सिंह के छोटे भाई मनदीप सिंह ने बताया, संदीप की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। 12 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे एक युवती हमारे घर पेट्रोल लेकर आई थी। उसने बताया था कि मेरे भाई के पास उसका कोई काम था, वह काम करवाना है। युवती पेट्रोल लेकर संदीप को जान से मारने की धमकियां देने के साथ-साथ गाली-गलौज भी करके गई थी।  

मनदीप ने पुष्टि की 12 जुलाई को वह एक वाटर कूलर में पेट्रोल लेकर आई थी। उसने परिवार से कहा था कि वह गुरुद्वारा शहीदां साहिब में सेवा करने जाती है और वहां पेट्रोल दान करना था, लेकिन वाटर कूलर की टोंटी टूट गई, जिसके कारण उसमें से पेट्रोल की गंध आ रही है। उस समय परिवार को युवती पर कोई शक नहीं हुआ। संदीप की शादी को अभी सिर्फ 2 महीने हुए थे। हो सकता है कि वह यही सोचकर उस युवती से बात करने गया हो कि वह उसे परेशान न करे।

सरपंच और पुलिस ने क्या बताया

मनदीप के साथ मौके पर पहुंचे सरपंच जसविंदर सिंह ने भी बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि जहां संदीप की लाश पड़ी थी, वहां प्लास्टिक की रस्सियां एक तरफ बंधी हुई थीं। उन्हें पूरा शक है कि संदीप को पहले बांधा गया और फिर उसे जलाया गया।

वहीं एसएचओ का कहना है कि, आरोपी युवती और युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था और उसे युवक की शादी का पता चल गया था। संदीप सिंह को युवती ने बुलाया और फिर चचेरे भाई सहित परिवार के साथ वारदात को अंजाम दिया। संदीप और मजीठा की रहने वाली युवती राजविंदर कौर पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों एक साथ काम कर चुके थे।

पुलिस के मुताबिक, संदीप की शादी करीब 2 महीने पहले हो गई थी। इसका जब राजविंदर कौर को पता चला तो संदीप को घर बुलाया। बुधवार को संदीप बाइक पर मजीठा में उसके घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों में कुछ देर बातचीत के बाद बहस हो गई, जिससे वहां हंगामा शुरू हो गया और उसकी हत्या कर दी गई।

(अमृतसर से विशाल शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

लुधियाना में स्कूटी लूटने का LIVE वीडियो आया सामने, पीड़ित "बचाओ-बचाओ' चिल्लाता रहा, बदमाश पीटते रहे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।