1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में Coronavirus संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत, 156 नये मामले सामने आये

राजस्थान में Coronavirus संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत, 156 नये मामले सामने आये

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 04, 2021 09:18 pm IST,  Updated : Mar 04, 2021 09:18 pm IST

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के बृहस्पतिवार को 156 नये मामले आने से राज्य में संक्रमितों की अब तक कुल संख्या 3,20,928 हो गई है। इसके साथ ही वायरस से एक और व्यक्ति की मौत हो गई जिससे राज्य में इस संक्रमण से मृतकों की संख्या 2788 हो गई है।

156 new COVID cases in Rajasthan, 1 death- India TV Hindi
राजस्थान में कोरोना वायरस के 156 नये मामले आने से राज्य में संक्रमितों की अब तक कुल संख्या 3,20,928 हो गई है। Image Source : PTI

जयपुर: राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के बृहस्पतिवार को 156 नये मामले आने से राज्य में संक्रमितों की अब तक कुल संख्या 3,20,928 हो गई है। इसके साथ ही वायरस से एक और व्यक्ति की मौत हो गई जिससे राज्य में इस संक्रमण से मृतकों की संख्या 2788 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण से राज्य में एक और व्यक्ति की मौत हो गई और 156 नये मामले आने से राज्य में संक्रमितों की अब तक कुल संख्या 3,20,928 हो गई है जिसमें 1509 रोगी उपचाराधीन है। उन्होंने बताया कि नये मामलों में जयपुर में 39, अजमेर में 18, जोधपुर में 17, बांसवाडा-उदयपुर में 16-16,कोटा में 11,भीलवाडा में सात, चित्तोडगढ-प्रतापगढ में 6-6, बीकानेर में पांच नये संक्रमित शामिल हैं। 

उन्होंने बताया कि राज्य में 116 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हुए। राज्य में अब तक कुल 3,16,631 संक्रमित ठीक हो चुके है। कोरोना वायरस संक्रमण से राज्य में बृहस्पतिवार को बांसवाडा में एक और व्यक्ति की मौत हो जाने से राज्य में अब तक इस घातक संक्रमण से 2788 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि जयपुर में 519, जोधपुर में 306, अजमेर में 222, कोटा में 169, बीकानेर में 167, भरतपुर में 120,उदयपुर में 123, पाली में 109 और सीकर में 101 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं।

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। संक्रमण के नए मामलों में इन राज्यों के 85.51 प्रतिशत मामले हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 17,404 नए मामले सामने सामने आए। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 9,855 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में पिछले साल 18 अक्टूबर को 10,259 मामलों के बाद संक्रमण के ये सर्वाधिक मामले हैं। केरल में पिछले 24 घंटे में 2765 मामले सामने आए जबकि पंजाब में 772 नए मामले सामने आए।

मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के स्वरूप वाले मामलों की संख्या 242 हो गयी है। देश में 1,73,413 उपचाराधीन मरीज हैं जो कि संक्रमण के कुल मामलों का 1.55 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब और मध्य प्रदेश में उपचाराधीन मामले बढ़ रहे हैं।’’ पिछले 24 घंटे में केरल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार और असम में उपचाराधीन मामलों की संख्या में गिरावट आयी है। हालांकि महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में इसी अवधि में उपचाराधीन मामले बढ़े हैं। 

मंत्रालय ने कहा कि देश में संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब तक 1,08,26,075 लोग ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सात बजे तक अंतिम रिपोर्ट के मुताबिक 3,23,064 सत्र में टीके की 1.66 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गयी। इनमें 67,90,808 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक, 28,72,725 को दूसरी खुराक दी गयी। इसके अलावा अग्रिम मोर्चे के 58,03,856 कर्मियों को पहली खुराक और 4,202 को दूसरी खुराक दी गयी।

विभिन्न रोगों से ग्रस्त 45 साल से ज्यादा उम्र के 1,43,759 लोगों तथा 60 साल से ज्यादा उम्र के 10,00,698 लोगों को पहली खुराक दी गयी। टीकाकरण अभियान के 47 वें दिन (तीन मार्च) करीब 10 लाख खुराक दी गयी। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 89 लोगों की मौत हो गयी। मौत के 88.76 प्रतिशत मामले छह राज्यों से सामने आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 42 लोगों की मौत हो गयी। केरल में 15 और पंजाब में 12 लोगों की मौत हो गयी। 

पिछले 24 घंटे में 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई। इनमें मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड, झारखंड, पुडुचेरी, असम, लक्षद्वीप, नगालैंड, सिक्किम, लद्दाख, त्रिपुरा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली तथा अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।