1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Air India Plane Crash: नई नवेली दुल्हन की पहली उड़ान बन गई आखिरी, पति के पास पहुंचने से पहले खत्म हो गई जिंदगी

Air India Plane Crash: नई नवेली दुल्हन की पहली उड़ान बन गई आखिरी, पति के पास पहुंचने से पहले खत्म हो गई जिंदगी

 Published : Jun 13, 2025 07:47 am IST,  Updated : Jun 13, 2025 09:04 am IST

अहमदाबाद प्लेन हादसे में एक नवविवाहिता महिला की भी मौत हो गई। वह अपने पति के पास लंदन जा रही थी। खुशबू की शादी चार महीने पहले ही हुई थी।

नवविवाहिता खुशबू की फोटो- India TV Hindi
नवविवाहिता खुशबू की फोटो Image Source : INDIA TV

जोधपुरः अहमदाबाद प्लेन क्रैश में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की भी मौत हो गई। खुशबू की अभी चार महीने पहले शादी हुई थी। वह पति के पास लंदन जा रही थी। खुशबू पहली बार विदेश जा रही थी लेकिन उसे क्या पता था यही उसकी जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित होगी।  

चार महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, बालोतरा जिले के अरबा गांव में पली बढ़ी खुशबू राजपुरोहित का चार महीने पहले जोधपुर के खरबेरा निवासी विपुल के साथ धूमधाम से विवाह हुआ था। खुशबू के पति विपुल राजपुरोहित लंदन के सरकारी अस्पताल में बतौर डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। विवाह के बाद विपुल लंदन चले गए। अब खुशबू राजपुरोहित अपने पति से मिलने के लिए लंदन जा रही थी। इस दौरान अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना हुई और इसमें खुशबू की जान चली गई।

खुशबू का एयरपोर्ट के अंदर जाने का वीडियो आया सामने

इस बीच, खुशबू के एयरपोर्ट में प्रवेश करते हुए का वीडियो सामने आया है। इसके अलावा 4 महीने पहले विवाह समारोह के वीडियो भी सामने आए हैं। इन वीडियो को देखकर परिवार के लोगों के आंसू नहीं थम रहे। पूरे गांव का माहौल गमगीन है। हर कोई इस घटना के बाद स्तब्ध है।

परिवार के लोग बोले- बेटी जरुर आएगी घर

अरबा गांव से लेकर खरबेरा तक मातम पसरा है। खुशबू को हर कोई श्रद्धांजलि दे रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर खुशबू के विवाह की विदाई रस्म के वीडियो वायरल हुए हैं। खुशबू कि इस हादसे में मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन ऐसी जानकारी सामने आयी है कि प्लेन हादसे में एक इंसान को छोड़कर सारे लोग मारे गए हैं। वहीं परिवार के लोग अभी भी पॉजिटिव हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी घर आएगी।

विमान में सवार थे 242 लोग

बता दें कि अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान AI-171 गुरुवार को उड़ान भरने के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। प्लेन में सवार 241 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। एयर इंडिया का विमान बोइंग 787-8 ट्विन जेट था। जानकारी के अनुसार, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे।

रिपोर्ट- चन्द्रशेखर व्यास, जोधपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।