राजस्थान के सिरोही जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर जातीय पंचों द्वारा दो भाइयों के विवाद का फैसला करने के लिए “जल परीक्षा” करवाई गई। वायरल वीडियो में दोनों भाइयों को बांध के गहरे पानी में खड़ा कर एक साथ डुबकी लगाने का आदेश दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि एक भाई ने दूसरे भाई पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। आरोपों की सच्चाई जांचने के लिए पंचों ने कथित तौर पर अनोखा तरीका अपनाया। पंचायत का फैसला था कि जिस भाई पर आरोप लगे हैं, यदि वह पहले पानी से बाहर निकलता है तो आरोप सही माने जाएंगे, जबकि आरोप लगाने वाला पहले बाहर निकलता है तो आरोप झूठे माने जाएंगे।
वीडियो में दोनों भाइयों को एक साथ पानी में डुबकी लगाते देखा जा सकता है। कुछ ही क्षणों बाद आरोप लगाने वाला भाई पहले बाहर निकल आया, जिसके बाद पंचायत ने आरोपों को झूठा मानते हुए दूसरे भाई को “बरी” घोषित कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो सिरोही जिले के अणगौर गांव में दो भाइयों के बीच हुए विवाद का बताया जा रहा है। यह कथित जल परीक्षा पाडीव स्थित बांध में करवाई गई थी। वीडियो एक दिन पुराना बताया जा रहा है और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर किसी व्यक्ति की जान जोखिम में डालकर इस तरह का “न्याय” करना कितना उचित है? गहरे पानी में डुबकी लगाने के लिए मजबूर करना कहीं गंभीर हादसे को न्योता तो नहीं? अब देखने वाली बात यह होगी कि इस वायरल वीडियो पर सिरोही पुलिस और स्थानीय प्रशासन क्या कार्रवाई करता है?
(रिपोर्ट- विक्रमसिंह करणोत)
यह भी पढ़ें-