1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कैंसर से पति को खोया, टेलरिंग कर बेटे को पढ़ाया, अब जिगर बनेगा गांव का पहला IITian

कैंसर से पति को खोया, टेलरिंग कर बेटे को पढ़ाया, अब जिगर बनेगा गांव का पहला IITian

 Published : Jun 09, 2026 11:26 am IST,  Updated : Jun 09, 2026 11:26 am IST

करियर सिटी कोटा से सफलता की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसमें अपने बेटे को अच्छे मुकाम तक पहुंचाने के लिए एक मां का रास्ता काफी संघर्षों भरा रहा। जिगर नायक और उसकी मां अपूर्वा ने आर्थिक तंगी, पिता का साया उठ जाना और जिम्मेदारियों के बोझ के बावजूद हार नहीं मानी।

jigar nayak- India TV Hindi
मां अपूर्वा नायक के साथ जिगर नायक। Image Source : REPORTER INPUT

करियर एवं केयर सिटी कोटा का एक बार फिर सामाजिक बदलाव में योगदान सामने आया है। कहानी ओडिशा के गंजम जिले के छोटे से गांव बाकलीकोड़ा की है। एक मां ने अपने जिगर के टुकड़े के लिए खूब संघर्ष किया और बेटे का करियर बनाकर गांव और परिवार का नाम रोशन किया है। कोटा में दो साल रहकर करियर बनाने वाले स्टूडेंट जिगर नायक ने जेईई-एडवांस्ड में ऑल इंडिया रैंक 17783 और ओबीसी-एनसीएल कैटेगिरी रैंक 4597 हासिल की है। जेईई-मेन में 98.6143 पर्सेन्टाइल स्कोर किया। इससे पहले 10वीं कक्षा में 95% और 12वीं कक्षा में 87% अंक प्राप्त किए।

'जिगर' के टुकड़े के लिए मां का संघर्ष

जिगर नायक की कहानी संघर्ष, त्याग और सपनों की ऐसी मिसाल है, जो हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत है। जिगर और उसकी मां अपूर्वा ने आर्थिक तंगी, पिता का साया उठ जाना और जिम्मेदारियों के बोझ के बावजूद हार नहीं मानी। अपने सपनों को साकार करने के लिए जिगर कोटा आया और कोचिंग में एडमिशन लिया। यहां 2 साल कड़ी मेहनत करने के बाद आखिरकार उसे सफलता मिली और अब वह अपने गांव और परिवार का पहला आईआईटीयन बनने जा रहा है।

पिता के जाने के बाद बिखर गया परिवार

जिगर के पिता जूरीनाथ गुजरात में टेक्सटाइल इंडस्ट्री में काम करते थे। सब कुछ अच्छा चल रहा था कि अचानक उसके पिता को कैंसर होने का पता चला। काफी इलाज कराया जिसमें परिवार की सारी जमा पूंजी खर्च हो गई। 2020 में जिगर के पिता का निधन हो गया। घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और पिता के जाने के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया। लेकिन मां अपूर्वा नायक ने हालात के आगे घुटने नहीं टेके। उन्होंने तय कर लिया कि चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, बेटे के सपने को टूटने नहीं देंगी।

परिवार के साथ पढ़ाई की जिम्मेदारी

जिगर की मां अपूर्वा ने परिवार संभालने के साथ-साथ बेटे की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी उठाई। उन्होंने गोल्ड लोन लिया और घर-घर से सिलाई का काम लेकर टेलरिंग शुरू की। दिनभर सिलाई मशीन पर मेहनत कर वे घर का खर्च चलातीं और जिगर की पढ़ाई के लिए पैसे जोड़तीं। कई बार आर्थिक परेशानियां इतनी बढ़ जाती थीं कि घर चलाना मुश्किल हो जाता था, लेकिन मां ने कभी बेटे को इसका एहसास नहीं होने दिया।

सोशल मीडिया से मिली जेईई की जानकारी

जिगर ने बताया कि 10वीं कक्षा तक उसे जेईई परीक्षा के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। सोशल मीडिया पर इंजीनियरिंग और जेईई एग्जाम से जुड़ी वीडियो देखने के बाद उसे पहली बार इस परीक्षा के बारे में पता चला। तभी उसके मन में आईआईटीयन बनने का सपना जागा। उसने तय किया कि वह पढ़ाई के दम पर अपनी मां की जिंदगी बदलकर रहेगा। इसके बाद जिगर कोटा आया और पिछले दो वर्षों तक एलन में रेगुलर क्लासरूम स्टूडेंट के रूप में जेईई की तैयारी की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसे 11वीं और 12वीं कक्षा में फीस में छूट भी मिली। जिगर का एक छोटा भाई भी है, जो फिलहाल सातवीं कक्षा में पढ़ रहा है।

कहा- परिवार के भविष्य के लिए कर रहा हूं मेहनत

जिगर ने बताया कि मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के भविष्य के लिए मेहनत कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि IIT में पढ़ाई पूरी करने के बाद मेरी मां को संघर्ष न करना पड़े और छोटे भाई की पढ़ाई भी बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।

(रिपोर्ट- दिनेश कश्यप)

यह भी पढ़ें-

75% से कम मार्क्स वाले छात्र भी ले सकते हैं IIT में एडमिशन, IIT रुड़की ने समझाई पूरी एडमिशन प्रोसेस

Video : IIT में असफलता से लंदन में करोड़ों की जॉब पाने तक, भारतीय टेक्नीशियन की सक्सेस स्टोरी वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।