1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. खेलने गई 2 बच्चियां टैंक में गिरीं, अंदर से मिले राधिका और गोसिया के शव

खेलने गई 2 बच्चियां टैंक में गिरीं, अंदर से मिले राधिका और गोसिया के शव

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 06, 2026 02:52 pm IST,  Updated : May 06, 2026 02:57 pm IST

दोनों बच्चियां मंगलवार शाम को अपने घर के बाहर खेलने के लिए निकली थीं। राधिका का परिवार मूल रूप से बिहार और गोसिया का परिवार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PHOTO)

राजस्थान की राजधानी जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम दो मासूम बच्चियों की पानी के टंकी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना जगन्नाथपुरी इलाके में हुई, जहां बच्चियां अपने किराए के मकान के पास बने एक अर्द्धनिर्मित घर के पानी से भरे टैंक में खेलते समय गिर गईं। 

थाना प्रभारी महेंद्र यादव ने बताया कि दोनों बच्चियां शाम को खेलने निकली थीं और जब वे देर रात तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने आस-पास तलाश शुरू की। यादव के अनुसार, खोजबीन के दौरान बच्चियों की चप्पलें निर्माणाधीन मकान की टंकी के पास मिलीं और जब परिजनों ने टंकी में देखा तो दोनों वहां मिलीं। 

उन्होंने बताया कि बच्चियों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक बच्चियों की पहचान राधिका (5) और गोसिया (5) के रूप में हुई है। राधिका का परिवार बिहार से और गोसिया का परिवार उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखता है और दोनों जगन्नाथपुरी में किराए पर रहते हैं।

दोस्तों को ट्रक ने कुचला, दो की मौत

एक अन्य खबर में, राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर इलाके में ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मंगलवार रात जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहनेरा के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार तीन दोस्त शहर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन गंतव्य से करीब पांच किलोमीटर पहले ही हादसे का शिकार हो गए।

थानाधिकारी सतीश शर्मा ने बताया कि दो की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा, "नीशू कटारा (27) और आकाश चौधरी (27) की मौके पर ही मौत हो गई।'' दोनों आगरा के सिकंदरा के रहने वाले थे। हादसे में विनीत (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। वह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है।

ये भी पढ़ें-

पत्नी गई मायके तो पीछे से पिस्तौल लेकर पहुंचा पति, समझाने आईं 2 सालियों को गोलियों से भूना

असम में 12 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण! हिमंत एक बार फिर लेंगे CM पद की शपथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।