राजस्थान की राजधानी जयपुर के अंबाबाड़ी इलाके में सोमवार शाम को एक सनसनीखेज घटना घटी। दो नौकरों ने कारोबारी की पत्नी को बंधक बनाकर घर से सोने के जेवरात लूट लिए। पुलिस के अनुसार, महिला ज्योति (48) उस समय घर में अकेली थी, जब यह वारदात हुई। दोनों आरोपी नौकर, इंद्रजीत और अशोक कुछ समय पहले ही कारोबारी के घर काम पर लगे थे। इन दोनों ने मिलकर ज्योति को बंधक बनाया और चाकू से धमकाते हुए उसके हाथ-पैर बांध दिए।
शरीर के अन्य हिस्सों को भी बांध दिया
पुलिस ने बताया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने ज्योति का मुंह तौलिए से बंद कर दिया और उसके शरीर के अन्य हिस्सों को भी बांध दिया, ताकि वह मदद के लिए चिल्ला न सके। इसके बाद उन्होंने घर से सोने के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद महिला को उसी हालत में छोड़ आरोपी नौकर ऑटो रिक्शा में सवार होकर फरार हो गए।
जरूरी काम से शहर से बाहर था पति
ज्योति का पति देवेंद्र किसी जरूरी काम से शहर से बाहर था और उनका बेटा शैलेश न्यू आतिश मार्केट में अपनी दुकान पर था। जब ज्योति ने चिल्लाकर मदद मांगी, तो उसके पड़ोस में रहने वाले देवर ने उसकी आवाज सुनी और तुरंत घर पहुंचकर ज्योति को छुड़ाया। इसके बाद परिवारवालों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने आरोपी नौकरों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना अंबाबाड़ी इलाके में हुई है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोग दहशत में हैं और अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
वनतारा में सिंह शावकों को दुलारते दिखे PM मोदी, सामने आया मन मोहने वाला VIDEO
30 गांवों में खौफ, 2 किसानों को मारा, 300 जानवरों को बनाया शिकार; खूंखार बाघिन का आतंक यूं हुआ खत्म