1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं: 6.40 करोड़ रुपये की 365 किलो चांदी बरामद, चेन्नई से चोरी हुई थी

झुंझुनूं: 6.40 करोड़ रुपये की 365 किलो चांदी बरामद, चेन्नई से चोरी हुई थी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 10, 2025 06:52 pm IST,  Updated : Oct 10, 2025 06:52 pm IST

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 365 किलो 715 ग्राम चांदी बरामद की गई है। इसकी कीमत छह करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है। चेन्नई पुलिस के पहुंचने के बाद जांच आगे बढ़ेगी।

accused with loot jewellary- India TV Hindi
लूट के सामान के साथ आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं से पुलिस ने छह करोड़ रुपये से ज्यादा की चांदी बरामद की है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और पिलानी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन चोरों को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बरामद की गई 365 किलो 715 ग्राम चांदी चेन्नई से चोरी की गई थी। पुलिस ने शातिर चोरों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद चांदी की बाजार कीमत करीब 6 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने विकास जांगीड़, निखिल जांगीड़ और राजबीर जांगीड़ नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी देवेन्द्र सिंह राजावत ने बताया कि एजीटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि चेन्नई से चोरी हुई भारी मात्रा में चांदी पिलानी कस्बे में छिपाई गई है। इस पर टीम ने राजगढ़ रोड स्थित एक कॉलोनी में धर्मपाल जांगीड़ के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान चांदी के बर्तन, ईंटें और सजावटी सामान बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 365 किलो 715 ग्राम पाया गया।

विकास जांगीड़ की फैक्ट्री में हुई थी चोरी

जांच में सामने आया कि विकास जांगीड़ की चेन्नई में चांदी की फैक्ट्री है और चोरी की वारदात उसी फैक्ट्री से जुड़ी हुई प्रतीत होती है। चेन्नई पुलिस से मिली सूचना के बाद एजीटीएफ टीम कई दिनों से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। टीम ने जयपुर से पिलानी तक के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया और आखिरकार पिलानी में सफलता प्राप्त की। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। चेन्नई पुलिस के पहुंचने के बाद मामले की अगली जांच वहीं से आगे बढ़ाई जाएगी।

(झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

राजस्थान: झुंझुनू में बाप ने बेटी को किया किडनैप, CCTV में लेकर भागता दिखा, वजह जानकर चौंक जाएंगे

हनुमान बेनीवाल बोले- यूपी की तर्ज पर राजस्थान में सुधारें खराब कानून-व्यवस्था, जरुरत पड़े तो हो फेक एनकाउंटर

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।