जोधपुर से आंध्र प्रदेश पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक 19 वर्षीय युवक जीशान को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर ISIS की कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े एक सोशल मीडिया नेटवर्क का हिस्सा था। सदर बाजार थाना अधिकारी माणक राम ने बताया कि आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम मंगलवार रात जोधपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नई सड़क इलाके से आरोपी को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि जीशान एक ऑनलाइन ग्रुप का एडमिन था, जिसमें वीडियो और वॉयस नोट्स के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।
जेल में बंद ISIS से जुड़े लोगों के संपर्क में था युवक
पुलिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में पहले पकड़े गए कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ के दौरान जीशान का नाम सामने आया था। इसके बाद उसकी लोकेशन ट्रेस कर जोधपुर में कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी BENX.COM नाम के एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ था और वहीं से ग्रुप संचालित कर रहा था। वह सोशल मीडिया ग्रुप्स में शेयर कर युवाओं का ब्रेनवॉश कर कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ता था। वह पहले से जेल में बंद ISIS से जुड़े अन्य लोगों के संपर्क में भी था। बताया जा रहा है कि उसे ग्रुप का एडमिन बनाने से पहले उसकी “परीक्षा” भी ली गई थी।
मोबाइल में मिले आपत्तिजनक और देश विरोधी कंटेट
हालांकि गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने अपने मोबाइल से कई आपत्तिजनक और देश विरोधी कंटेंट डिलीट कर दिए थे, लेकिन पुलिस ने डेटा रिकवर कर लिया है। अब मोबाइल की फोरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
2 साल से इस गतिविधि में था शामिल
पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले करीब 2 साल से इस गतिविधि में शामिल था और अन्य युवकों को भी जोड़ने का प्रयास कर रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस ग्रुप में अन्य देशों के लोग भी जुड़े हो सकते हैं। आरोपी को जोधपुर कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर आंध्रप्रदेश ले जाया जाएगा, जहां उससे आगे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
(रिपोर्ट- युगावर्त व्यास)
यह भी पढ़ें-
यूपी ATS ने मुरादाबाद से पकड़ा ISIS का आतंकी, इंस्टाग्राम पर ग्रुप बनाकर कर रहा था भर्ती
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल का बड़ा एक्शन, किया आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़; भट्टी गैंग के गुर्गे को पकड़ा