सीकर में शादी से एक दिन पहले चोरों ने रामपुरा रोड स्थित दुर्गा कॉलोनी में एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर मकान की दीवार फांदकर घर में घुसे और तिजोरी में रखे करीब 16 लाख रुपए नगद व 25-30 तोला सोना चुरा ले गए। वारदात के दौरान परिवार बेटे की शादी में व्यस्त था।
परिवार को टूटे ताले मिले
जानकारी के अनुसार मकान मालिक हरिश्चंद्र नेभनानी के बेटे लक्ष्य की 4 सितंबर को शादी है। परिवार शादी समारोह के लिए सांवली रोड स्थित रिसॉर्ट गया हुआ था। देर रात परिवार जब घर लौटा तो मुख्य गेट के ताले टूटे मिले। वहीं ताले के पास एक बड़ा लोहे का सरिया रखा था। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी में रखी नकदी और जेवरात गायब थे। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

दुल्हन और बेटी के जेवर चोरी
बताया जा रहा है कि चोरी हुए गहनों में दूल्हे की नवविवाहिता होने वाली पत्नी और शादी में आई बेटी के जेवर भी शामिल हैं। खास बात यह रही कि चोरों ने केवल तिजोरी को ही निशाना बनाया, जबकि घर के अन्य कमरों में रखी नकदी व सामान को नहीं छुआ।
परिवार को आर्थिक नुकसान
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि मकान बुधवार सुबह से रात तक करीब 15-18 घंटे तक बंद था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए जेवरात और नकदी शादी के लिए रखे गए थे, जिससे परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
यह भी पढ़ें-
उज्जैन की SBI ब्रांच में 2 करोड़ के आभूषण चोरी, 8 लाख कैश भी ले गए चोर; सामने आया CCTV