1. Hindi News
  2. धर्म
  3. त्योहार
  4. Pradosh Vrat Upay: प्रदोष व्रत के दिन जरूर करें इन महामंत्रों का जाप, भगवान शिव की बरसेगी कृपा, धन-धान्य से भर जाएगी झोली

Pradosh Vrat Upay: प्रदोष व्रत के दिन जरूर करें इन महामंत्रों का जाप, भगवान शिव की बरसेगी कृपा, धन-धान्य से भर जाएगी झोली

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Aditya Mehrotra
 Published : Feb 20, 2024 06:36 pm IST,  Updated : Feb 20, 2024 06:38 pm IST

21 फरवरी 2024 दिन बुधवार को प्रदोष व्रत है। यह व्रत भगवान शिव और मां पार्वती को समर्पित होता है, जीवन की हर कठिनाइयों से प्रदोष का यह व्रत पार लगाने वाला माना जाता है। इस दिन आचार्य इंदु प्रकाश के बताए हुए उपायों को करने से निश्चित ही आप पर महादेव की कृपा होगी और जीवन के समस्त कष्टों का निवारण होगा।

Pradosh Vrat Upay- India TV Hindi
Pradosh Vrat Upay Image Source : INDIA TV

Pradosh Vrat Upay: 21 फरवरी 2024 दिन बुधवार को प्रदोष व्रत है। जैसे की आप सभी जानते है कि प्रत्येक महीने के कृष्ण और शुक्ल, दोनों पक्षों की त्रयोदशी को प्रदोष व्रत किया जाता है। प्रदोष व्रत के दिन भगवान शंकर की पूजा करनी चाहिए। कहते हैं इस दिन जो व्यक्ति भगवान शंकर की पूजा करता है और प्रदोष व्रत रखता है, वह सभी अनजाने में हुई गलतियों से मुक्त होकर पुण्य को प्राप्त करता है और उसे उत्तम लोक की प्राप्ति होती है। त्रयोदशी तिथि में रात्रि के प्रथम प्रहर, यानि सूर्योदय के बाद शाम के समय को प्रदोष काल कहते हैं। पुराणों में बताया गया है कि त्रयोदशी की रात के पहले प्रहर में जो व्यक्ति किसी भेंट के साथ शिव प्रतिमा के दर्शन करता है- उसके सभी समस्याओं का समाधान निकलता है।

अतः प्रदोष व्रत के दिन रात के पहले प्रहर में शिवजी को कुछ न कुछ भेंट अवश्य करना चाहिए। प्रदोष व्रत के दिन शिव जी के निमित्त कुछ विशेष उपाय करने से कौन-से शुभ फलों की प्राप्ति होगी, कैसे आपको मुकदमे से बाहर निकलने में मदद मिलेगी, कैसे आपकी सेहत बेहतर बनी रहेगी, कैसे आपके बिजनेस की तरक्की सुनिश्चित होगी, कैसे आपको शत्रुओं से छुटकारा मिलेगा, कैसे आपको मानसिक रूप से शांति मिलेगी, कैसे आपके दांपत्य जीवन में आ रही परेशानियां दूर होंगी और आपके दांपत्य जीवन में मीठास बढ़ेगी, कैसे आपके परिवार की धन-सम्पत्ति में वृद्धि होगी, कैसे बच्चों को करियर में सफलता मिलेगी, कैसे बिजनेस इंवेस्टमेंट संबंधी सारी परेशानियों का हल निकलेगा और कैसे आपको अपने विशेष कार्यों में सफलता मिलेगी, आइए इन सभी शुभ फल को प्राप्त करने का उपाय जानते हैं आचार्य इंदु प्रकाश से।

प्रदोष व्रत के दिन करें ये अचूक उपाय

  • अपने बिजनेस की दिन-दुगनी, रात-चौगनी तरक्की के लिए प्रदोष व्रत के दिन शाम के समय रंगोली वाले पांच अलग-अलग रंग लेकर, शिव मंदिर में जाएं और उन रंगों से एक गोल फूल की आकृति वाली रंगोली बनाएं। अब इस रंगोली में बींचो-बीच घी का दीपक जलाएं और हाथ जोड़कर शिवजी का आशीर्वाद देते हुए ध्यान करें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपके बिजनेस की दिन-दुगनी, रात-चौगनी तरक्की होगी।
  • अगर आप अपने शत्रुओं से परेशान हैं और उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं तो प्रदोष व्रत के दिन शमी पत्र को साफ पानी से धोकर शिवलिंग पर अर्पित करें और ‘ऊँ नमः शिवाय’ मंत्र का 11 बार जाप करें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपको अपने शत्रुओं से जल्दी ही मुक्ति मिलेगी।
  • अगर आप किसी मुकदमे में फंसे हैं और उसके चलते आपकी परेशानियां घटने के बजाए बढ़ती जा रही हैं, तो प्रदोष व्रत के दिन धतूरे के पत्ते को पहले साफ पानी से धो लें, फिर उन्हें दूध से धोकर शिवलिंग पर अर्पित करें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपको मुकदमे की परेशानियों से बाहर निकलने में मदद मिलेगी।
  • अपनी अच्छी सेहत को बरकरार रखने के लिए प्रदोष व्रत के दिन शिव मंदिर में जाकर भगवान को सूखा नारियल अर्पित करें और साथ ही अपने अच्छे स्वास्थ्य के लिए शिवजी से प्रार्थना करें। अगर नारियल अर्पित करने के लिए आप प्रदोष काल में, यानि शाम के समय शिव मंदिर जाएं, तो और भी श्रेष्ठ होगा। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपकी सेहत अच्छी बनी रहेगी।
  • अगर आप किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान हैं, तो प्रदोष व्रत के दिन शाम के समय शिव मंदिर में जाकर या घर पर ही भगवान शंकर की मूर्ति या तस्वीर के आगे आसन बिछाकर बैठ जाएं और गहरी सांस लेते हुए ‘ऊँ’ शब्द का सस्वर 5 बार उच्चारण करें। देखिए इस प्रकार उच्चारण करना है- ओ ओ ओ ओ म , यानि ओ की ध्वनि को लंबा खींचना है और म अपने आप ही सांस छोड़ते हुए मुंह से निकल जाएगा। प्रदोष व्रत के दिन इस प्रकार ‘ऊँ’ शब्द का सस्वर उच्चारण करने से आपको मानसिक रूप से शांति मिलेगी। 
  • अपने दांपत्य जीवन में आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए प्रदोष व्रत के दिन शिव मंदिर में जाकर, शिवजी और माता पार्वती पर एक साथ मौली, यानि कलावे को सात बार लपेट दें और ध्यान रहे कि सात बार धागा लपेटते हुए उसे बीच में तोड़ना नहीं है, जब पूरा सात बार लपेट दें, तभी हाथ से धागे को तोड़ें। एक बात और कि धागा तोड़ने के बाद उसमें गांठ न लगाएं, उसे ऐसे ही वहां लपेटकर छोड़ दें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपके दांपत्य जीवन में आ रही परेशानियां जल्द ही दूर होंगी और आपके रिश्तों में मीठास आएगी।
  • अपने परिवार की सुख-शांति के लिए प्रदोष व्रत के दिन शाम के समय शिव मंदिर में जाकर घी का एक दीपक और तेल का एक दीपक जलाएं। आपको बता दूं कि घी का दीपक देवताओं को प्रसन्न करने के लिए होता है जबकि तेल का दीपक अपनी कामनाओं की पूर्ति के लिए होता है। साथ ही घी के दीपक में रूई की खड़ी सफेद बत्ती लगाएं और तेल के दीपक में पड़ी हुई बत्ती, यानी लेटी हुई लाल बत्ती लगाएं। प्रदोष व्रत के दिन प्रदोष बेला में ये उपाय करने से आपके परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी।
  • अगर आप अपने धन-धान्य में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, तो प्रदोष व्रत के दिन आपको सूर्य भगवान की पूजा करनी चाहिए। साथ ही गाय को गेहूं की रोटी खिलानी चाहिए और गाय माता का आशीर्वाद लेना चाहिए। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपके धन-धान्य में बढ़ोतरी होगी।
  • अगर आप करियर में अपनी तरक्की को लेकर परेशान रहते हैं कि भविष्य में आपके साथ क्या होगा, क्या नहीं होगा, तो इसके लिए प्रदोष व्रत के दिन आपको सूर्यदेव को प्रणाम करके उनके इस मंत्र का 108 बार जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है- ऊँ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः। इस प्रकार मंत्र जप करने के बाद फिर से सूर्य भगवान को प्रणाम करें। प्रदोष व्रत के दिन ऐसा करने से आपको करियर में खूब तरक्की मिलेगी और आप अपने भविष्य के प्रति निश्चिंत होंगे।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Pradosh Vrat 2024: माघ माह का प्रदोष व्रत कब रखा जाएगा? नोट करें सही डेट

Budh Gochar 2024: बुध का कुंभ राशि में गोचर, किसका खुलेगा भाग्य और कौन बनेगा मालामाल? जानिए मेष से लेकर मीन राशि तक का हाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Festivals से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें धर्म