1. Hindi News
  2. धर्म
  3. सूर्य उपासना के प्रतीक हैं देश के ये 5 प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, छठ पर्व पर जानिए आदित्य भवनों की दिव्यता और महत्व

सूर्य उपासना के प्रतीक हैं देश के ये 5 प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, छठ पर्व पर जानिए आदित्य भवनों की दिव्यता और महत्व

 Written By: Arti Azad @Azadkeekalamse
 Published : Oct 26, 2025 04:09 pm IST,  Updated : Oct 26, 2025 04:09 pm IST

Famous Surya Madir: छठ पूजा सूर्य देव की उपासना का पर्व है, जो न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह भारत की प्राचीन वैज्ञानिक और स्थापत्य परंपराओं की झलक भी दिखाता है। देश के ये सूर्य मंदिर इस बात के साक्षी हैं कि भारतीय संस्कृति में अध्यात्म और विज्ञान का मेल सदियों से होता आ रहा है।

Glorious Surya mandir of india- India TV Hindi
देश के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर Image Source : FACEBOOK

Famous Sun Temples of India: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा देश ही नहीं विदेशों में बसे भारतीयों द्वारा भी बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। भास्कर, जीवन ऊर्जा स्रोत हैं और कहते हैं कि उनकी आराधना से घर-परिवार और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसी उपासना के प्रतीक हैं देशभर में बने भव्य और ऐतिहासिक सूर्य मंदिर। 

देश के बेहद प्राचीन सूर्य मंदिरों की कला, विज्ञान और पौराणिक महत्व आज भी आकर्षित करते हैं। छठ महापर्व पर शक्ति का प्रतीक माने जाने वाले भगवान आदित्य की आराधना का विशेष महत्व है। इस अवसर पर जानिए भारत के उन प्रसिद्ध सूर्य मंदिरों के बारे में, जो अपनी वास्तुकला, मान्यताओं और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अद्वितीय हैं। 

देश के प्रसिद्ध सूर्य मंदिरों की दिव्यता और रहस्य

1. रामगढ़ सूर्य मंदिर: झारखंड

चितरपुर प्रखंड के मारंगमरचा गांव में स्थित यह सूर्य मंदिर 16वीं शताब्दी में रामगढ़ राजा दलेर सिंह द्वारा बनवाया गया था। समय के साथ यह जर्जर हो चुका है, लेकिन इसकी धार्मिक मान्यता अब भी बरकरार है। मंदिर के भीतर बना कुंड बेहद चमत्कारी माना जाता है, क्योंकि कहा जाता है कि यह कुंड कभी नहीं सूखता, चाहे मौसम कोई भी हो।

2. कोणार्क सूर्य मंदिर: ओडिशा

विश्वप्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर के बारे में तो आप लोगों ने बहुत सुना होगा, कई लोगों ने इस मंदिर के दर्शन भी किए होंगे। भगवान आदित् को समर्पित यह टेंपल भारत की स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसे 13वीं शताब्दी में गंग वंश के राजा नरसिंह देव प्रथम ने बनवाया था। यह मंदिर भगवान सूर्य के विशाल रथ के रूप में निर्मित है, जिसमें 24 पहिए और 11 घोड़े दर्शाए गए हैं। यूनेस्को ने इसे 1984 में विश्व धरोहर स्थल घोषित किया था। यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी अद्भुत माना जाता है।

3. गया सूर्य मंदिर: बिहार

बिहार खास तौर पर छठ पूजा के लिए जाना जाता है। ऐसे में यहां के सूर्य मंदिर की अहमियत और बढ़ जाती है। गया जी में स्थित सूर्य मंदिर अपनी प्राचीनता और आस्था के लिए प्रसिद्ध है। यहां छठ पर्व पर विशाल मेले का आयोजन होता है। भक्त मंदिर परिसर में स्थित पवित्र कुंड में स्नान कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसी मान्यता है कि कुंड में स्नान करने के बाद की गई मनोकामनाएं जरूर पूरी होती हैं।

4. मोढेरा सूर्य मंदिर: गुजरात

मोढेरा का सूर्य मंदिर अपनी दिव्यता के लिए जाना जाता है। यह मंदिर विज्ञान और अध्यात्म का संगम है। करीब 1000 साल पहले बनवाया गया यह मंदिर अपने ज्योतिर्वैज्ञानिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। साल में दो दिन सोलर इक्विनॉक्स के दौरान सूर्य की पहली किरण मंदिर के गर्भगृह में स्थित प्रतिमा को स्पर्श करती है। इस अद्भुत घटना से मंदिर का वैज्ञानिक चमत्कार झलकता है।

5. औरंगाबाद सूर्य मंदिर: बिहार

बिहार के औरंगाबाद में स्थित सूर्य मंदिर अपनी विशेष परंपरा के कारण प्रसिद्ध है। यहां न केवल उगते सूर्य की, बल्कि अस्त होते सूर्य की भी पूजा की जाती है। छठ पर्व के दौरान यहां भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भगवान आदित्य के इस मंदिर में भक्तजन सूर्योदय और सूर्यास्त दोनों समय के दौरान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।