Budhwar Ke Upay: सप्ताह का बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित है। इस दिन बप्पा की पूजा करने घर में सुख-समृद्धि आती है। इतना ही नहीं गणपति जी भक्तों के सभी संकट भी दूर कर देते हैं। 10 जून को बुधवार और रेवती नक्षत्र का शुभ संयोग बन रहा है। बुधवार को सुबह 9 बजकर 22 मिनट तक उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र रहेगा, उसके बाद रेवती नक्षत्र लग जाएगा। रेवती नक्षत्र को धन-संपदा और अच्छे सुखी जीवन के साथ जोड़ कर देखा जाता है। रेवती नक्षत्र के स्वामी बुध हैं। ऐसे में रेवती नक्षत्र में बुध की उपासना करनी चाहिए। बुध बुद्धि का कारक होने के साथ ही वाणी से भी संबंध रखते हैं।
रेवती नक्षत्र के दौरान विद्या का आरंभ, गृह प्रवेश, विवाह, किसी सम्मान समारोह में जाना, देव प्रतिष्ठा इत्यादि कार्य करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। ऐसे में बुधवार और रेवती नक्षत्र के शुभ संयोग में इन उपायों को भी जरूर करें। इन उपायों को करने से समस्त समस्याओं का समाधान निकल जाता है।यदि आपको लगता है कि आपके घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव अधिक रहता है और घर के सदस्यों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो रेवती नक्षत्र में घर के बाहर खाली हिस्से में महुआ का पेड़ लगाएं।
- अगर आप अनावश्यक खर्चों से परेशान रहते हैं तो रेवती नक्षत्र में महुआ के पेड़ का बांदा घर लाकर, लाल कपड़े में लपेटकर मंदिर में रख दें। आपको धीरे- धीरे करके फायदा देखने को मिलेगा।
- अगर आप अपनी आर्थिक तरक्की की गति को भविष्य में निरंतर बनाये रखना चाहते हैं, तो बुधवार के दिन हल्दी की पांच साबुत गांठें और एक रुपये का सिक्का लेकर, एक पीले रंग के कपड़े में रखकर बांध दें। फिर उस कपड़े को अपने घर के मंदिर में रखें और अपने गुरु या अपने इष्ट देव का ध्यान करते हुए एक घी का दीपक जलाएं। जब दीपक जलते –जलते अपने आप बुझ जाये, तब उस हल्दी और एक रुपये का सिक्का बंधे पीले रंग के कपड़े को मंदिर से उठाकर अपनी तिजोरी या अलमारी में रख लें।
- यदि आप अपने काम को लेकर हमेशा तनाव में रहते हैं या किसी न किसी कारण वश आये दिन आपकी नौकरी में बदलाव होते रहते हैं, तो रेवती नक्षत्र के समय महुआ का एक पत्ता तोड़ कर घरले लाएं और उस पत्ते को साफ पानी से धोकर, उस पर ‘श्री राम’ लिखकर अपने पर्स में या तिजोरी में रख लें।
- यदि आपके दांपत्य जीवन में बहुत-सी समस्याओं ने अपनी जगह बना रखी है या फिर लव लाइफ में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, तो रेवती नक्षत्र में महुआ के पेड़ से एक कलम के बराबर लकड़ी लेकर आएं और उस लकड़ी से सिंदूर लेकर, नारियल के ऊपर स्वस्तिक का चिन्ह बनाएं। साथ ही अगर संभव हो तो मंगल स्रोत का पाठ करें।
- यदि आप अपने बिजनेस को दूर विदेश तक पहुंचाना चाहते हैं और उसकी तरक्की देखना चाहते हैं, तो इसके लिए रेवती नक्षत्र में गाय का गोबर लाकर घर की पूर्व दिशा के छोटे से स्थान में गोबर का चौका मार दें, यानी गोबर से लीप दें। इसके बाद लाल सिंदूर से 8 कोनों वाला फूल का डिजाइन बनाएं और उस पर लाल कपड़ा बिछाकर 900 ग्राम लाल मंसूर की दाल की ढेरी बनाएं। उसके बाद हनुमान यंत्र या हनुमान जी की प्रतिमा लेकर वहां रख दें। अब पानी से यंत्र या मूर्ति पर छींटा मारें और रोली से तिलक करें।साथ ही गुड़ का भोग लगाएं। अब भगवान से अपने कार्य की सफलता के लिये प्रार्थना करें और सूर्य छिपने से पहले हनुमान जी की मूर्ति या यंत्र वहां से हटाकर अपने घर के मंदिर में स्थापित कर लें और बाकी शेष सामग्री लाल कपड़े में बांध कर बहते जल में प्रवाहित कर दें।
- हर कोई चाहता है कि उसके व्यापार की बिक्री बढ़ जाए और बिजनेस में अधिक से अधिक धन लाभ हो इसके लिये रेवती नक्षत्र में लाल चंदन, लाल फूल और रोली लेकर, एक लाल रंग के कपड़े में बांधकर पोटली बना लें और आने वाले एक सप्ताह के लिए मंदिर में रख दें। एक सप्ताह बाद कपड़े की पोटली में से तीनों चीज़ों को निकालकर पीपल के पेड़ के नीचे रख दें और उस लाल कपड़े को अपने पास संभालकर रख लें।
- अगर आप अपने वैवाहिक जीवन को मिठास से भर देना चाहते हैं, तो बुधवार के दिन श्री गणेश भगवान की पूजा के समय हल्दी में थोड़ा-सा घी मिलाकर भगवान के मस्तक पर तिलक लगाएं और उनके सामने घी का दीपक भी जलाएं।
- अगर आप अपने जीवन की गति को निरंतर बनाये रखना चाहते हैं, तो उसके लिये बुधवार के दिन स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनकर, सबसे पहले अपने इष्ट देव का ध्यान करें। फिर अपने मस्तक पर केसर का तिलक लगाएं।
- अगर आप अपने और अपनी संतान के स्वास्थ्य के लिये परेशान रहते हैं, तो दोनों के अच्छे स्वास्थ्य के लिये घर में कुत्ता पालें। अगर कुत्ता न पाल सकें, तो कुत्ते को रोटी खिलाएं।
- अगर आपके जीवन में मिठास की जगह समस्याओं ने ले ली है, तो जीवन से समस्याओं को दूर करने के लिये और रिश्तों में मजबूती लाने के लिये बुधवार के दिन स्नान आदि के बाद एक इमली का पैकेट लेकर श्री गणेश के मंदिर में जाकर चढ़ाएं।
- अगर कुछ दिनों से आपको नौकरी से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो बुधवार के दिन घी, पिसी हुई शक्कर और सफेद तिल मिलाकर लड्डू बनाएं और भगवान गणेश को भोग लगाएं। अगर आप तिल के लड्डू न बना पाएं, तो सफेद तिल, थोड़ा-सा घी और थोड़ी पिसी हुई शक्कर अलग-अलग लेकर मंदिर में दान कर दें।
- अगर अपने दांपत्य संबंधों में मधुरता भरना चाहते हैं तो उसके लिये बुधवार के दिन संभव हो तो कहीं से हाथी के पैर के नीचे की मिट्टी या यूं कहें कि जिस स्थान पर हाथी चला हो, उस स्थान की थोड़ी-सी मिट्टी लाकर घर में रखें। लेकिन अगर आपके लिये ऐसा करना संभव न हो तो बुधवार बाजार से मिट्टी या किसी धातु से बनी हाथी की मूर्ति खरीद कर लाएं और उसे अपने बेडरूम में किसी टेबल आदि पर या किसी शोकेस में रख लें।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें-