1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ETPL का आज से होगा आगाज, सितारों से सजी 6 टीमें करेंगी शिरकत, भारत में कब और कहां देखें LIVE

ETPL का आज से होगा आगाज, सितारों से सजी 6 टीमें करेंगी शिरकत, भारत में कब और कहां देखें LIVE

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 26, 2026 09:53 am IST,  Updated : Aug 26, 2026 11:01 am IST

यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग यानी ETPL 2026 के पहले सीजन का आज से आगाज होने जा रहा है, जिसमें 6 टीमें शिरकत करेंगी। भारत में भी इस लीग का लाइव टेलीकास्ट होगा।

ETPL- India TV Hindi
यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग 2026 Image Source : ETPL

क्रिकेट की दुनिया में एक नई T20 लीग अपने पहले सीजन के साथ दस्तक देने जा रही है। यूरोप में फ्रेंचाइजी क्रिकेट को नई पहचान देने के इरादे से यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग यानी ETPL 2026 का पहला सीजन बुधवार, 26 अगस्त से शुरू होगा। टूर्नामेंट में 6 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी और 20 सितंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह लीग क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन की संयुक्त पहल है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC से मंजूरी प्राप्त इस टूर्नामेंट में कई मौजूदा और पूर्व इंटरनेशनल सितारे नजर आएंगे।

32 मैचों में होगा चैंपियन का फैसला

ETPL का पहला सीजन 26 दिनों तक चलेगा और इसमें कुल 32 मुकाबले खेले जाएंगे। 6 टीमें डबल राउंड-रॉबिन लीग स्टेज में उतरेंगी, जहां हर टीम 10 मैच खेलेगी। लीग स्टेज में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 19 सितंबर को क्वालीफायर खेला जाएगा। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में शीर्ष टीम से भिड़ेगी। खिताबी मुकाबला 20 सितंबर को होगा।

टूर्नामेंट का आयोजन दो देशों में किया जाएगा। शुरुआती 17 मुकाबले नीदरलैंड्स के वूरबर्ग स्थित स्पोर्टपार्क डुइवेस्टीन में खेले जाएंगे। इसके बाद लीग का कारवां आयरलैंड के डबलिन स्थित मालाहाइड क्रिकेट क्लब पहुंचेगा, जहां मुकाबला नंबर 18 से 32 तक खेले जाएंगे। प्लेऑफ और फाइनल भी यहीं होंगे।

6 टीमों में सितारों की भरमार

ETPL में आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स के शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली 6 फ्रेंचाइजी शामिल हैं। इनमें एम्स्टर्डम फ्लेम्स, रॉटरडैम डॉकर्स, डबलिन गार्डियंस, बेलफास्ट वुल्व्स, ग्लासगो कॉस्मिक और एडिनबर्ग कैसल रॉकर्ज शामिल हैं। एम्स्टर्डम फ्लेम्स की टीम में स्टीव स्मिथ, टिम डेविड, स्कॉट एडवर्ड्स और भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे जैसे नाम हैं। रॉटरडैम डॉकर्स के खेमे में फाफ डुप्लेसिस, हेनरिक क्लासेन, एनरिक नॉर्खिया और जय मूंद्रा जैसे खिलाड़ी हैं।

डबलिन गार्डियंस की कमान भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन संभालेंगे। बेलफास्ट वुल्व्स में विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल के साथ आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग मौजूद हैं।एडिनबर्ग कैसल रॉकर्ज के प्रमुख चेहरों में मिचेल सैंटनर और ट्रेंट बोल्ट शामिल हैं, जबकि ग्लासगो कॉस्मिक की अगुवाई जॉर्ज मुन्से करेंगे और टीम में साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी और केशव महाराज भी हैं।

भारत में कहां देखें ETPL 2026?

भारत में यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। दुनियाभर में इस लीग का लाइव टेलीकास्ट होगा।

यह भी पढ़ें:

एशिया कप के लिए आखिरी टीम का हुआ ऐलान, पहली बार उतरेगा इंडोनेशिया, कप्तान नंदा संभालेंगी कमान

लॉर्ड्स टेस्ट से पहले पाकिस्तान को मिली राहत, बाबर आजम ने नेट्स में बहाया पसीना, वापसी की बढ़ी उम्मीद

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल