भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 6 नवंबर को क्वींसलैंड के कैरारा ओवल के मैदान पर खेला जाएगा। अभी तक टीम इंडिया ने इस स्टेडियम में किसी भी फॉर्मेट में एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। इस सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था, जिसके बाद मेलबर्न के मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 मैच को मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 4 विकेट से जीतने के साथ 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, वहीं टीम इंडिया ने होबार्ट के स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मैच में शानदार वापसी करने के साथ उसे 5 विकेट से जीतने के साथ सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। अब ऐसे में दोनों टीमों के लिए इस सीरीज का चौथा मुकाबला काफी अहम रहने वाला है, जिसमें जो भी टीम इसे जीतेगी उसपर सीरीज हारने का खतरा नहीं रहेगा। ऐसे में सभी की नजरें कैरारा ओवल स्टेडियम की पिच पर भी टिकी हुई हैं।
अब तक कैरारा ओवल के मैदान पर खेले गए हैं सिर्फ 2 टी20 मैच
क्वींसलैंड के कैरारा ओवल स्टेडियम को लेकर बात की जाए तो ये ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कॉस्ट शहर में बसा हुआ है, जिसमें यहां पर अभी तक सिर्फ 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इसमें एक बार जहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत हासिल हुई है तो एकबार टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीतने में कामयाब रही है। यहां पर पिछली बार साल 2022 में टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया था, जो ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की टीम के बीच में हुआ था। इस मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 145 रनों का स्कोर बनाया था, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम टारगेट का पीछा करते हुए एक गेंद पहले 3 विकेट से जीतने में कामयाब हुई थी। यहां पर पहली पारी के औसत स्कोर को देखा जाए तो वह 125 से 130 रनों के बीच में देखने को मिलता है, जिसमें अब तक यहां पर तेज गेंदबाजों का दबदबा अधिक देखने को मिला है।
टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में हो सकती है नीतीश रेड्डी की वापसी
कैरारा ओवल में होने वाले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे टी20 मैच में भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी की वापसी देखने को मिल सकती है, जो पहले तीन टी20 मैच में पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से बाहर हो गए थे। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम को लेकर बात की जाए तो उनकी प्लेइंग 11 में बदलाव तय है क्योंकि आखिरी 2 मुकाबलों के लिए ट्रैविस हेड को स्क्वाड से आगामी एशेज सीरीज की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए रिलीज कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें
ICC Rankings: शुभमन गिल और बाबर आजम को आईसीसी रैंकिंग में नुकसान, इस खिलाड़ी ने मारी लंबी छलांग