एमएस धोनी ने आईपीएल 2023 में अभी तक 9 मैचों में एक अलग ही जिम्मेदारी संभाली हुई है। वैसे तो हमेशा उन्हें दुनिया के सबसे शानदार फिनिशर के तौर पर जाना जाता है। लेकिन इस सीजन वह कई बार आखिरी ओवर में बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने गेंदों को गगनचुंबी छक्कों के माध्यम से सीधे स्टैंड्स में भी पहुंचाया। सीजन के 41वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ भी ऐसा ही हुआ। धोनी जब आए तो पांच गेंदें शेष थीं। उन्होंने 4 गेंदों पर 13 रन जड़ दिए जिसमें आखिरी दो गेंदों के दो छक्के शामिल थे। इसके बाद धोनी के डेथ ओवर्स के कुछ आंकड़े सामने आए जो बेहद शानदार हैं।
एमएस धोनी का जलवा आईपीएल के डेथ ओवर्स में इस कदर दिखता है कि वह 17 से 20वें ओवर तक लगातार हर ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। साथ ही 20वें ओवर के उनके आंकड़े भी काफी दिलचस्प हैं। एमएस धोनी का आईपीएल में करियर स्ट्राइक रेट करीब 135 का है लेकिन 20वें ओवर में उनका यह स्ट्राइक रेट 244 का हो जाता है। आखिरी ओवर में धोनी के नाम 59 छक्के और 49 चौके दर्ज हैं। उन्होंने अभी तक अपने आईपीएल करियर के 5052 रनों में से 709 रन आखिरी ओवर में बनाए हैं जिसमें उन्होंने सिर्फ 290 गेंदों का सामना किया है।

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने आईपीएल में कुल 243 मुकाबले खेले हैं। वह 2008 से लगातार इस लीग का हिस्सा हैं। उन्होंने 212 पारियों में 5052 रन बनाए हैं। उनका औसत 39.47 का है और 135.92 के स्ट्राइक रेट से माही ने रन बनाए हैं। धोनी ने आईपीएल में 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनके नाम लीग में 348 चौके और 237 छक्के भी दर्ज हैं।
संपादक की पसंद