1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. प्लेऑफ से पहले आई बड़ी खबर, क्या गुजरात के खिलाफ खेलेगा RCB का स्टार ओपनर? कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट

प्लेऑफ से पहले आई बड़ी खबर, क्या गुजरात के खिलाफ खेलेगा RCB का स्टार ओपनर? कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 26, 2026 07:39 am IST,  Updated : May 26, 2026 07:39 am IST

गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 से पहले RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि फिल सॉल्ट फिट हैं और ट्रेनिंग में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा।

RCB vs GT- India TV Hindi
विराट कोहली और फिल सॉल्ट Image Source : AP

IPL 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी RCB की ओर से बड़ी खबर सामने आई है। टीम के विस्फोटक ओपनर फिल सॉल्ट की वापसी की उम्मीदें बढ़ गई हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 से पहले कप्तान रजत पाटीदार ने सॉल्ट की फिटनेस को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिससे आरसीबी फैंस के चेहरे खिल उठे हैं। RCB ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया था। हालांकि, आखिरी लीग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। अब टीम की नजरें गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 पर टिकी हैं, जहां जीत सीधे फाइनल का टिकट दिला सकती है।

फिल सॉल्ट की फिटनेस पर क्या बोले कप्तान?

मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में RCB कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि फिल सॉल्ट फिट हैं और ट्रेनिंग भी शुरू कर चुके हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट अभी उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला नहीं ले पाया है। पाटीदार ने कहा कि सॉल्ट फिट हैं। डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। वह कुछ ड्रिल्स में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन हमने अभी अपनी प्लेइंग इलेवन तय नहीं की है। हम पिच को देखकर फैसला करेंगे। यह बयान आरसीबी के लिए काफी सकारात्मक माना जा रहा है, क्योंकि सॉल्ट इस सीजन टीम के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में से एक रहे हैं।

चोट के कारण बीच सीजन पड़ा था लौटना 

फिल सॉल्ट को 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान उंगली में चोट लग गई थी। चोट के बाद इंग्लैंड के इस स्टार बल्लेबाज को इलाज के लिए अपने देश वापस जाना पड़ा था। हालांकि, प्लेऑफ से पहले उनके टीम में लौटने की उम्मीद थी, लेकिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से पहले हुए अभ्यास सत्र में वह टीम के साथ नजर नहीं आए।

फिल सॉल्ट की वापसी RCB की बल्लेबाजी को नई मजबूती दे सकती है। इस सीजन उन्होंने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कई मैचों में टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने आरसीबी को टॉप-2 में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सॉल्ट की गैरमौजूदगी में RCB को एक और झटका तब लगा था जब जैकब बेथेल पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में बाएं हाथ की रिंग फिंगर चोटिल कर बैठे। इसके बाद वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अंतिम लीग मुकाबले में भी नहीं खेल सके।

कोहली के साथ फिर दिख सकती है हिट जोड़ी

सॉल्ट की अनुपस्थिति में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेंकटेश अय्यर को विराट कोहली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई थी। अय्यर ने सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन बनाकर शानदार शुरुआत दिलाई थी, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। अगर फिल सॉल्ट को क्वालिफायर-1 के लिए पूरी तरह फिट घोषित कर दिया जाता है, तो उनके सीधे प्लेइंग इलेवन में लौटने की संभावना है। ऐसे में विराट कोहली और फिल सॉल्ट की सफल ओपनिंग जोड़ी एक बार फिर मैदान पर नजर आ सकती है, जबकि वेंकटेश अय्यर को मिडिल ऑर्डर में वापस भेजा जा सकता है।

यह भी पढ़ें:

CAN ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का किया ऐलान, A+ कैटेगिरी में 3 स्टार खिलाड़ियों को मिली जगह

टीम इंडिया जून में 6 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, टेस्ट- टी20 और वनडे का लगेगा तड़का

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल