1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. RCB का फाइनल में पहुंचना तय! पंजाब किंग्स के लिए उनका ये पुराना घाव फिर हो सकता हरा

RCB का फाइनल में पहुंचना तय! पंजाब किंग्स के लिए उनका ये पुराना घाव फिर हो सकता हरा

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 28, 2025 02:33 pm IST,  Updated : May 28, 2025 02:33 pm IST

IPL 2025: आरसीबी की टीम का आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्हें अब 29 मई को क्वालीफायर-1 मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम के खिलाफ मुकाबला खेलना है।

Royal Challengers Bengaluru- India TV Hindi
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु Image Source : GETTY

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने आईपीएल 2025 सीजन के लीग स्टेज का अंत शानदार 6 विकेट से ऐतिहासिक जीत के साथ किया। आरसीबी ने लीग स्टेज के अपने आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 228 रनों के टारगेट का सफल पीछा किया जो उनके आईपीएल इतिहास का अब तक सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। अब आरसीबी की टीम प्लेऑफ में 29 मई को होने वाले क्वालीफायर-1 मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम का सामना करेगी जिसमें उनके पास सीधे फाइनल के लिए अपनी टिकट को पक्का करने का मौका रहेगा। वहीं आरसीबी का मुल्लांपुर के स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ रिकॉर्ड भी अच्छा है।

इस सीजन पंजाब को मुल्लांपुर में दी थी एकतरफा मात

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल रही पंजाब किंग्स की टीम ने आईपीएल 2025 सीजन में लीग स्टेज का अंत प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर रहते हुए किया है। वहीं अब उन्हें क्वालीफायर-1 मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम मुल्लांपुर में खेलना है, जो उनका होम ग्राउंड भी है। पंजाब किंग्स का यहां पर प्रदर्शन इस सीजन कुछ खास देखने को नहीं मिला है। पीबीकेएस ने यहां पर खेले कुल 4 मैचों में से दो में हार का सामना किया है। वहीं आरसीबी के खिलाफ भी उन्होंने यहां पर लीग स्टेज के दौरान 20 अप्रैल को मुकाबला खेला था और इसमें उन्हें 7 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में सिर्फ 157 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी थी तो वहीं आरसीबी ने टारगेट को 18.5 ओवर्स में हासिल कर लिया था। ऐसे में आरसीबी के पास एकबार फिर से पंजाब किंग्स के इस घाव को हरा करने का बेहतरीन मौका होगा।

इस सीजन घर से बाहर दिखा आरसीबी का ऐतिहासिक प्रदर्शन

आईपीएल के इतिहास में अभी तक जहां टीमों का उनके घर पर दबदबा देखने को मिलता रहा है तो इस सीजन आरसीबी ने कुछ ऐसा करके दिखाया जो पहले किसी भी टीम ने नहीं किया था। आरसीबी ने घर के बाहर खेले सभी 7 मैचों में जीत हासिल की है, ऐसे में क्वालीफायर-1 मुकाबले में भी उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है। पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी के हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो दोनों टीमों के बीच कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पंजाब किंग्स की टीम ने 18 मैचों में जीत हासिल की है तो वहीं आरसीबी की टीम 17 मैच अपने नाम करने में कामयाब रही है।

ये भी पढ़ें

LSG ने बना डाला IPL इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड, आज तक नहीं हुई किसी टीम की ऐसी दुर्गति

ICC ODI रैंकिंग में भारी उथल-पुथल, भारतीय समेत 4 गेंदबाजों ने लगाई छलांग, धाकड़ बॉलर टॉप-10 से बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल