SA vs PAK: साउथ अफ्रीका की टीम इस समय पाकिस्तान दौरे पर है और 3 मैचों की ODI सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के बीच साउथ अफ्रीका की ओर से बड़ी जानकारी सामने आई है। दरअसल, क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज रूबिन हरमन को पाकिस्तान के खिलाफ जारी ODI सीरीज के शेष मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया है।
हरमन को चोटिल डेवाल्ड ब्रेविस की जगह यह मौका मिला है। डेवाल्ड ब्रेविस तीसरे T20I मुकाबले में फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि, ब्रेविस पाकिस्तान में ही साउथ अफ्रीका टीम के साथ रहेंगे ताकि भारत के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की तैयारी कर सकें। यह टेस्ट सीरीज 14 नवंबर से भारत में शुरू होगी।
हरमन का हालिया प्रदर्शन
28 साल के रूबिन हरमन इस समय भारत ए के खिलाफ जारी दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों की सीरीज में साउथ अफ्रीका ए टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने पहले टेस्ट में शानदार अर्धशतक जड़ा था, हालांकि मैच भारत ए ने तीन विकेट से जीत लिया था। हरमन अब तक साउथ अफ्रीका के लिए 6 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक ODI डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है।
कई सीनियर खिलाड़ी पहले से ही बाहर
पाकिस्तान में खेल रही साउथ अफ्रीकी टीम पहले से ही कई सीनियर खिलाड़ियों के बिना खेल रही है। इनमें कप्तान एडन मारक्रम, कगिसो रबाडा, टेम्बा बावुमा, केशव महाराज, डेविड मिलर, जेराल्ड कोएत्जी, रयान रिकेलटन और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे नाम शामिल हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान 1-0 से आगे है। मेजबान टीम ने पहला मुकाबला दो विकेट से जीता था। दूसरा मुकाबला 6 नवंबर को फैसलाबाद में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन में 2 बड़े बदलाव किए गए हैं। नकाबायोमजी पीटर को लुंगी एनगिडी की जगह मौका दिया गया है। वहीं, लिजाद विलियम्स की जगह नांद्रे बर्गर आए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
साउथ अफ्रीका (प्लेइंग XI): लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, क्विंटन डी कॉक(विकेटकीपर), टोनी डी जोर्जी, मैथ्यू ब्रीत्जके (कप्तान), सिनेथेम्बा केशिल, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, ब्योर्न फॉर्च्यून, नांड्रे बर्गर, नकाबायोमजी पीटर।
पाकिस्तान (प्लेइंग XI): फखर जमान, सैम अयूब, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान(w), सलमान आगा, हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी (कप्तान), मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: भारत के खिलाफ दो टी20 शतक लगाने वाले धाकड़ खिलाड़ी की वापसी, बचके रहे टीम इंडिया