भारत और इंग्लैंड के बीच ODI सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान शुभमन गिल ने टीम की तैयारियों और भविष्य की रणनीति को लेकर बड़ा खुलासा किया है। गिल ने न सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा की तारीफ की, बल्कि 2027 ICC ODI वर्ल्ड कप की योजना और सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका पर खुलकर बात की
भारत और इंग्लैंड के बीच 14 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर तीन मैचों की ODI सीरीज का आगाज होगा। सीरीज के पहले मुकाबले से एक दिन पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल मीडिया से मुखाबित हुए। इस बातचीत के दौरान कप्तान गिल ने कई सवालों के खुलकर जवाब दिए। पहले ODI से दो दिन पहले नेट्स में शुभमन गिल और विराट कोहली को काफी देर तक बातचीत करते देखा गया था। इस पर गिल ने बताया कि दोनों के बीच चर्चा भविष्य की टीम कॉम्बिनेशन और 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर हुई।
गिल ने कहा कि हम टीम कॉम्बिनेशन पर चर्चा कर रहे थे। साउथ अफ्रीका में कौन सा कॉम्बिनेशन हमारे लिए सबसे बेहतर रहेगा? ऐसे कौन से खिलाड़ी हैं जो फिलहाल टीम में नहीं हैं, लेकिन भविष्य में हमारे लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं? कौन से गेंदबाज, ऑलराउंडर और स्पिनर टीम के लिए सही रहेंगे? हमारी बातचीत इन्हीं सभी पहलुओं पर केंद्रित थी।
विराट और रोहित टीम की रीढ़
शुभमन गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने दोनों दिग्गजों को भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनका अनुभव टीम के लिए अमूल्य है। गिल ने कहा कि विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और आज भी टीम के बेहद अहम सदस्य हैं। उनका अनुभव और कौशल हमारे लिए बेहद मूल्यवान है। उन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों, टूर्नामेंटों और बड़े मुकाबलों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। बता दें, इंग्लैंड दौरे पर विराट के निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड भी होंगे।
बुमराह की वापसी पर भी बोले कप्तान
भारतीय कप्तान ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की ODI टीम में वापसी पर भी खुशी जताई। बुमराह करीब तीन साल बाद ODI सेटअप में लौटे हैं। गिल ने कहा कि बुमराह भाई कुछ समय बाद टीम में लौट रहे हैं। उम्मीद है कि उन्होंने इस ODI सीरीज से पहले पर्याप्त गेंदबाजी की होगी। हमें भरोसा है कि उनका प्रदर्शन अच्छा रहेगा और हम इस सीरीज को जीतकर सकारात्मक अंदाज में खत्म करेंगे।
यह भी पढ़ें:
वनडे में 967 दिन बाद नजर आएगी भारतीय टीम की त्रिमूर्ति, इंग्लैंड से होगी टक्कर