भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। लीड्स टेस्ट मैच में भारत के लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह के दूसरे टेस्ट में खेलने की संभावना कम है। टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही बुमराह ने मैनेजमेंट को बता दिया था कि वह इंग्लैंड में सिर्फ 3 टेस्ट मैच ही खेल पाएंगे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर बुमराह बाहर होते हैं तो दूसरे टेस्ट मैच में किसे मौका मिलेगा। इस रेस में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और आकाश दीप का नाम सबसे आगे चल रहा है।
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं कर पाए हैं अर्शदीप
अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए अभी तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। अगर उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में मौका मिलता है तो यह उनके लिए डेब्यू मैच होगा। लेकिन क्या शुभमन गिल उन्हें प्लेइंग XI में मौका देंगे यह एक ऐसा सवाल है जो सभी के मन में है। अर्शदीप सिंह एक बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं, वह अपनी रफ्तार और स्विंग से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। लेकिन इंग्लैंड में उनके आंकड़े रेड बॉल क्रिकेट में ज्यादा अच्छे नहीं हैं। आपको बता दें कि अर्शदीप सिंह ने 2023-24 काउंटी सीजन में केंट का प्रतिनिधित्व किया था।
काउंटी क्रिकेट में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन
अर्शदीप सिंह ने उस सीजन में केंट के लिए 5 मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 41.8 के औसत से 13 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पांच मैचों की 8 पारियों में 31 मेडन ओवर भी फेंके, लेकिन इस दौरान उन्होंने 6 नो बॉल भी डाले। इन रिकॉर्ड को देखने के बाद उन्हें दूसरे टेस्ट मैच में मौका मिलेगा या नहीं यह कह पाना काफी मुश्किल है। हालांकि अर्शदीप के ओवरऑल फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड की बात करें तो वह काफी अच्छे हैं। इस तेज गेंदबाज ने 21 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और 30.37 की औसत से 66 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। ऐसे में दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया किस प्लेइंग XI के साथ खेलने के लिए उतरती है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
इस विदेशी टीम के लिए खेलते हुए नजर आएगा ये गेंदबाज, लगभग एक साल से है टीम इंडिया से बाहर
भारतीय महिला टीम ने रच दिया इतिहास, T20I में ऐसा करिश्मा करने वाली बनी पहली फुल मेंबर टीम