Highlights
- केकेआर ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया
- आंद्रे रसल ने खेली 31 गेंदों पर 70 रनों की तूफानी पारी
- प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची केकेआर
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 का 8वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। केकेआर ने यह मैच 6 विकेट से जीता और आंद्रे रसल ने 31 गेंदों पर नाबाद 70 रनों की आतिशी पारी खेली। ऑरेंज कैप भी अब उनके नाम हो गई है। पहले खेलते हुए पंजाब की पूरी टीम 18.2 ओवर में 137 पर ऑल आउट हो गई थी। जवाब में केकेआर ने महज 14.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
गेंदबाजी में केकेआर के लिए उमेश यादव ने 4 ओवर में 1 मेडन 23 रन देकर 4 विकेट लिए। इसी के साथ 8 विकेट लेकर अभी तक वह पर्पल कैप होल्डर भी हो गए हैं। पंजाब का इस सीजन का यह दूसरा मैच था और उन्हें इस सीजन की पहली हार मिली है। इस जीत के साथ केकेआर के 3 मैचों में 4 अंक हो गए हैं और वह तालिका में टॉप पर भी पहुंच गई है।
इस मुकाबले में केकेआर की बल्लेबाजी भी डगमगा गई थी और 51 रन पर टीम के चार विकेट गिर गए थे। इसके बाद आंद्रे रसल आए और उन्होंने सैम बिलिंग्स (25 नाबाद) के साथ पांचवें विकेट के लिए नाबाद 90 रनों की साझेदारी की। रसल ने इस पारी में दो चौके और आठ छक्के लगाए।