1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन गेम्स के पहले मैच में भारतीय फुटबॉल टीम की शर्मनाक हार, चीन ने 5-1 से जीता मुकाबला

एशियन गेम्स के पहले मैच में भारतीय फुटबॉल टीम की शर्मनाक हार, चीन ने 5-1 से जीता मुकाबला

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Sep 19, 2023 07:34 pm IST,  Updated : Sep 19, 2023 08:12 pm IST

एशिया गेम्स 2023 के पहले ही मैच में भारतीय फुटबॉल टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच को चीन की टीम ने आसानी से 5-1 से जीत लिया।

Asian Games 2023- India TV Hindi
Asian Games 2023 Image Source : ASIAN GAMES

Asian Games 2023, India vs China: एशियन गेम्स 2023 की शुरुआत चीन में हो चुकी है। इस टूर्नामेंट में भारतीय फुटबॉल टीम भी चुनौती पेश कर रही है। टीम इंडिया का पहले मैच में सामना मेजबान देश चीन से ही हुआ। हालांकि भारतीय टीम के लिए ये मैच बेहद खराब रहा और चीन ने इस मुकाबले में आसानी से 5-1 से बड़ी जीत हासिल कर ली। टीम इंडिया के खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस मैच में बेहद निराशाजनक रहा जिससे चीन की टीम ने एक आसान जीत हासिल की।

राहुल केपी ने किया एकमात्र गोल

थकी हुई और तैयारी के बिना उतरी भारतीय टीम के लिए एकमात्र गोल राहुल केपी (45 प्लस एक मिनट) ने किया जो मैच का सर्वश्रेष्ठ गोल रहा। भारत की तीसरी दर्जे की टीम ने हालांकि शुरुआती 45 मिनट में खिताब के दावेदार चीन को कड़ी टक्कर दी। भारतीय गोलकीपर गुरमीत सिंह चहल ने इस दौरान काबिलेतारीफ प्रदर्शन करते हुए विरोधी कप्तान झू चेनजी की पेनल्टी किक को भी रोका। दूसरे दौर में जगह बनाने के लिए भारत को अब अपने बाकी बचे दो मैचों में बांग्लादेश और म्यांमार को हराना होगा। 

म्यांमार ने बांग्लादेश को हराया

इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में म्यांमार ने बांग्लादेश को 4-2 से हराया। भारतीय टीम सोमवार देर शाम खेल गांव पहुंची थी। टीम के पास चार विशेषज्ञ डिफेंडर भी नहीं हैं और रक्षा पंक्ति के बीच समन्वय की कमी भी नजर आई। टीम थकी हुई भी दिखी और उनसे करिश्मे की उम्मीद करना बेमानी था। दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला। उमस और ट्रेनिंग की कमी के कारण अंतिम आधे घंटे में भारतीय टीम काफी थकी हुई लगी और उसके पास चीन के खिलाड़ियों का कोई जवाब नहीं था। संदेश झिंगन की गलती से दूसरा गोल होने के बाद चीन को तीन और गोल करने में अधिक परेशानी नहीं हुई। झिंगन ने अपने पेनल्टी बॉक्स में इसके बाद एक और गलती की जिसका फायदा उठाकर चीन ने गोल किया। 

छेत्री को नहीं मिले मौके

कप्तान सुनील छेत्री 85 मिनट तक मैदान पर रहे लेकिन साथी खिलाड़ियों की उम्दा मूव बनाने में नाकामी के कारण उन्हें अधिक मौके नहीं मिले। भारत के लिए राहुल केपी का प्रदर्शन सकारात्मक पक्ष रहा। अंडर-17 विश्व कप में खेल चुके राहुल दाएं छोर से अब्दुल रबीह के पास पर मिली गेंद को लेकर आगे बड़े और चीन के डिफेंडर और गोलकीपर को छकाकर गोल करने में सफल रहे। इससे पहले गियाओ ने 17वें मिनट में ही चीन को बढ़त दिला दी थी। मध्यांतर पर स्कोर 1-1 से बराबर था। दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ी थके हुए नजर आए। स्तरीय खिलाड़ियों की कमी के लिए फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) भी जिम्मेदार है जिसने फीफा के नियम दिखाकर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी उतारने के प्रयासों को नाकाम किया।

Input- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल