1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का अभियान 22 मेडल के साथ हुआ खत्म, ब्राजील ने किया टॉप

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का अभियान 22 मेडल के साथ हुआ खत्म, ब्राजील ने किया टॉप

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 06, 2025 11:33 am IST,  Updated : Oct 06, 2025 11:33 am IST

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 का नई दिल्ली में 5 अक्टूबर को समापन हो गया। भारत ने 22 मेडल जीतकर अपना अभियान खत्म किया।

World Para Athletics Championship 2025- India TV Hindi
वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप Image Source : PTI

थकान और पीठ दर्द से जूझते हुए भी भारत की धाविका सिमरन शर्मा ने हिम्मत और जुनून का परिचय देते हुए महिलाओं की 200 मीटर T12 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। उनके शानदार प्रदर्शन के साथ वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत ने रिकॉर्ड 22 मेडल (6 गोल्ड, 9 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज) के साथ अपना अभियान समाप्त किया। प्रतियोगिता के आखिरी दिन भारत ने तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।

सिमरन शर्मा की एतिहासिक दौड़

उत्तर प्रदेश की 25 साल सिमरन शर्मा ने पिछले दो दिनों में अपनी छठी स्प्रिंट रेस दौड़ी और इसके बावजूद जोश में भरी नजर आईं। महिलाओं की T20 100 मीटर स्पर्धा में गोल्ड जीतने के बाद उन्होंने 200 मीटर में सिल्वर मेडल हासिल किया। उन्होंने 24.46 सेकेंड के समय के साथ एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। शुरुआत में वह तीसरे स्थान पर थीं, लेकिन वेनेजुएला की धाविका अलेजांद्रा पेरेज लोपेज के अयोग्य घोषित होने के बाद सिमरन को दूसरा स्थान मिला। उन्होंने कहा कि वह खुश हैं कि उन्होंने घरेलू प्रतियोगिता में दो मेडल जीते और एशियाई रिकॉर्ड तोड़ा। T12 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए होता है, और सिमरन ने अपने गाइड उमर सैफी के साथ दौड़ लगाई। इससे पहले वह 2024 कोबे पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में इसी स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

प्रीति पाल की जज्बे भरी दौड़

महिलाओं की 100 मीटर T35 स्पर्धा में प्रीति पाल ने कठिन परिस्थितियों में मानसिक मजबूती का परिचय देते हुए सिल्वर मेडल जीता। शुरुआत में पिस्टल खराब होने के कारण उन्हें दो बार उमस भरे मौसम में दौड़ना पड़ा। दूसरी बार में उन्होंने 14.33 सेकेंड का समय निकालकर चीन की गुओ कियांकियांन (14.24 सेकेंड) के बाद दूसरा स्थान हासिल किया।

नवदीप सिंह को सिल्वर, संदीप को ब्रॉन्ज

भाला फेंक के एफ41 वर्ग में पेरिस पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नवदीप सिंह ने 45.46 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर जीता। ईरान के सादेघ बीट सयाह ने 48.86 मीटर फेंककर गोल्ड कब्जा किया। वहीं पुरुषों की 200 मीटर T44 स्पर्धा में संदीप ने 23.60 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की मेडल संख्या में इजाफा किया।

भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

भारत ने कुल 22 मेडल जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और मेडल टेबल में 10वां स्थान हासिल किया। अगर नवदीप सिंह और हाई जंपर प्रदीप कुमार अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में रहे होते, तो भारत आसानी से शीर्ष चार में जगह बना सकता था। मेडल टेबल में ब्राजील 44 मेडल (15 गोल्ड, 20 सिल्वर, 9 ब्रॉन्ज) के साथ शीर्ष पर रहा। चीन ने 52 मेडल (13 गोल्ड, 22 सिल्वर, 17 ब्रॉन्ज) के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ईरान ने 16 पदक (9 गोल्ड, 2 सिल्वर, 5 ब्रॉन्ज) के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

बांग्लादेश ने पहली बार इस टीम का किया 3-0 से क्लीन स्वीप, ये खिलाड़ी बना प्लेयर ऑफ द सीरीज

पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट लेते ही टॉप पर पहुंची भारतीय खिलाड़ी, तोड़ डाला बड़ा कीर्तिमान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल