Vivo अपना एक और दमदार स्मार्टफोन भारत में लॉन्च करने जा रहा है। चीनी ब्रांड का यह फोन Vivo Y400 Pro 5G के नाम से आएगा। Y सीरीज के अन्य मॉडल की तरह ही इसे बजट प्राइस में पेश किया जा सकता है। वीवो ने अपने इस फोन की लॉन्च डेट आधिकारिक तौर पर कंफर्म कर दी है। यह फोन इसी सप्ताह भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। फोन के अब तक सामने आए फीचर्स की बात करें तो इसमें 32MP सेल्फी कैमरा समेत कई तगड़े स्पेसिफिकेशन्स मिल सकते हैं।
वीवो का यह फोन 20 जून को भारतीय बाजार में पेश किया जाएगा। कंपनी ने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फोन की लॉन्चिंग कंफर्म की है। कंपनी का दावा है कि यह इस सेग्मेंट का सबसे पतला 3D कर्व्ड डिस्प्ले वाला स्मार्टफोन होगा। फोन की कीमत 20,000 रुपये की रेंज में हो सकती है। इसके अलावा कंपनी Vivo Y400 सीरीज में अन्य फोन की भी घोषणा जल्द कर सकती है।
Vivo Y400 Pro 5G के प्रमोशनल तस्वीर में फोन में पिल्ड शेप वाला रियर कैमरा मॉड्यूल देखा जा सकता है, जिसमें तीन कैमरे दिए गए हैं। इसमें दो कैमरा सेंसर एक पिल्ड शेप वाले मॉड्यूल में तो एक कैमरा दूसरे मॉड्यूल में देखा गया है। साथ ही, फोन के बैक में LED फ्लैश लाइट भी दी गई है। फोन के बैक में सिल्वर कलर की फिनिशिंग देखने को मिलती है।
पिछले दिनों आई लीक रिपोर्ट्स की मानें तो यह फोन तीन कलर ऑप्शन- गोल्ड, नेबुला पर्पल और सिल्वर व्हाइट में आ सकता है। इसमें 6.77 इंच का बड़ा HD+ 3D कर्व्ड डिस्प्ले मिल सकता है। फोन का डिस्प्ले 120Hz हाई रिफ्रेश रेट के साथ-साथ 4500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस फीचर को सपोर्ट करेगा। इस फोन की मोटाई महज 7.44mm हो सकती है।
वीवो का यह बजट स्मार्टफोन MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर पर काम करेगा। फोन में 8GB तक रैम और 256GB तक इंटरनल स्टोरेज का सपोर्ट मिल सकता है। फोन की रैम और स्टोरेज को एक्सपेंड किया जा सकेगा। इसमें 5,500mAh की दमदार बैटरी के साथ 90W USB Type C फास्ट चार्जिंग फीचर दिया जा सकता है।
इसके कैमरा फीचर्स की बात करें तो बैक में 50MP का मेन और 2MP का सेकेंडरी कैमरा दिया जा सकता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए वीवो के इस फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है। यह स्मार्टफोन Android 15 पर बेस्ड FuntouchOS पर काम कर सकता है। साथ ही, इसमें कई AI इनेबल्ड फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें -
Realme ने 10,000 रुपये से कम में लॉन्च किया 6000mAh बैटरी वाला धांसू 5G स्मार्टफोन
संपादक की पसंद