1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में मेरठ के युवक की मौत, बॉडी को लेकर पत्नी और भाइयों में हो गई भिड़ंत

लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में मेरठ के युवक की मौत, बॉडी को लेकर पत्नी और भाइयों में हो गई भिड़ंत

 Published : Nov 11, 2025 08:06 pm IST,  Updated : Nov 11, 2025 08:06 pm IST

मेरठ के लोहिया नगर का निवासी मोहसिन करीब दो साल पहले रोजी-रोटी की तलाश में परिवार के साथ दिल्ली गया था और वहां ई-रिक्शा चलाकर जीवनयापन कर रहा था। सोमवार शाम जब वह लाल किला क्षेत्र में सवारियां लेकर गया था, तभी हुए बम विस्फोट की चपेट में आ गया।

meerut youth died in delhi car blast- India TV Hindi
मेरठ का मोहसिन की लाला किले के पास हुए विस्फोट में मौत। Image Source : PTI

मेरठ: दिल्ली में हुए धमाके में मेरठ के लोहियानगर निवासी 32 साल के मोहसिन नामक युवक की भी मौत हो गई। उसे सुपुर्द-ए-खाक करने को लेकर उसकी पत्नी और पिता के बीच विवाद हो गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव को मेरठ से दिल्ली भेज दिया गया।

2 साल पहले आया था दिल्ली

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मेरठ के लोहिया नगर का निवासी मोहसिन करीब दो साल पहले रोजी-रोटी की तलाश में परिवार के साथ दिल्ली गया था और वहां ई-रिक्शा चलाकर जीवनयापन कर रहा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार शाम जब वह लाल किला क्षेत्र में सवारियां लेकर गया था, तभी हुए बम विस्फोट की चपेट में आ गया और इस घटना में मोहसिन की मौके पर ही मौत हो गई। 

अंतिम संस्कार को लेकर एक नया विवाद 

मंगलवार सुबह जब शव मेरठ लाया गया तो उसके अंतिम संस्कार को लेकर एक नया विवाद पैदा हो गया। सूत्रों ने बताया कि मोहसिन की पत्नी सुल्ताना का कहना था कि दो साल से उसका परिवार दिल्ली में रह रहा है, वहीं उनका घर और बच्चों का भविष्य है, इसलिए पति को वहीं दफनाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि दूसरी ओर, मोहसिन के पिता और भाइयों ने आग्रह किया कि बेटे को उसकी जन्मभूमि मेरठ में ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाए। सूत्रों ने बताया देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

मोहसिन का शव दिल्ली ले गईं पत्नी

लोहिया नगर थाना प्रभारी योगेश चन्द्र ने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और आपसी सहमति से अंतिम संस्कार का फैसला लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसी दौरान कुछ लोगों ने जनाजे को उठवाने की कोशिश की जिसे पुलिस ने रोक दिया। उन्होंने बताया कि काफी देर समझाने बुझाने के बाद अंततः मोहसिन की पत्नी सुल्ताना शव को अपने साथ दिल्ली ले गईं, जहां उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

लाल किला ब्लास्ट में घायलों और मृतकों की लिस्ट आई सामने, कई पीड़ितों की हुई पहचान

दिल्ली ब्लास्ट से जुड़ा नया वीडियो आया सामने, जान बचाकर भागते दिखे लोग, देखें Video

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।