1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आगरा में कपल ने नाले में मनाई मैरिज एनिवर्सरी, हैरान करने वाली है वजह

आगरा में कपल ने नाले में मनाई मैरिज एनिवर्सरी, हैरान करने वाली है वजह

 Published : Feb 06, 2024 06:54 pm IST,  Updated : Feb 06, 2024 06:54 pm IST

आगरा में एक कपल ने अपनी मैरिज एनिवर्सरी ऐसी मनाई है कि हर कोई हैरान है। कपल ने एक-दूसरे को मालाएं पहनाईं, जबकि स्थानीय निवासियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं।

गंदगी और कूड़े के ढेर...- India TV Hindi
गंदगी और कूड़े के ढेर के बीच फोटो खिंचवाता कपल Image Source : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश में आगरा शहर के नगला काली इलाके में सड़क पर गंदगी और कूड़े के ढेर के बीच एक कपल ने दूल्हा-दुल्हन के वेश में अपनी 17वीं शादी की सालगिरह मनाई। दोनों ने गंदे और बदबूदार नाले के बीच फोटो भी खिंचवाया। कपल ने ऐसा जिला प्रशासन का ध्यान गंदगी और कूड़े के ढेर की ओर आकर्षित करने के लिए किया।

नरक जैसे हालात में रहते हैं लोग

कपल ने एक-दूसरे को मालाएं पहनाईं, जबकि स्थानीय निवासियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं। इन तख्तियों पर 'अगर सड़क और नाली का निर्माण ठीक से नहीं किया गया तो वे वोट नहीं देंगे' लिखा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, समस्या 15 साल से बनी हुई है लेकिन पिछले आठ महीनों में सड़क गंदे नाले में तब्दील हो गई है। इससे इलाके के लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।

कॉलोनियों के बाहर 'विकास नहीं तो वोट नहीं' के पोस्टर भी चिपकाए

इस सड़क से 30 से ज्यादा कॉलोनियों के लोग आते-जाते हैं। गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को अब दो किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इलाके की एक दर्जन कॉलोनियों के बाहर 'विकास नहीं तो वोट नहीं' के पोस्टर भी चिपकाए गए लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। निवासियों के शिकायत करने के बावजूद जन प्रतिनिधियों ने कोई कार्रवाई नहीं की इसलिए भगवान शर्मा ने अपनी पत्नी उमा शर्मा के साथ इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का फैसला किया।

भगवान शर्मा ने कहा कि बीते 15 सालों से हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। हम सभी जन प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के पास गए। कोई कार्रवाई नहीं होने पर हमें इस तरह से विरोध करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उमा शर्मा ने कहा कि विरोध इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उजागर करने के लिए है। (इनपुट- IANS)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।