1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या: राम मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर हुआ ध्वजारोहण, चंपत राय ने किया कार्यक्रम का संचालन

अयोध्या: राम मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर हुआ ध्वजारोहण, चंपत राय ने किया कार्यक्रम का संचालन

 Reported By: Pawan Nara Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 23, 2026 10:16 pm IST,  Updated : Jun 23, 2026 10:16 pm IST

अयोध्या के राम मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम हुआ, जिसमें 4 हजार रामभक्त पहुंचे। कार्यक्रम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय भी मौजूद रहे।

Ram Mandir- India TV Hindi
शेषावतार मंदिर के शिखर पर हुआ ध्वजारोहण Image Source : REPORTER INPUT

अयोध्या: राम मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर आज ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर चंपत राय भी नजर आए और उन्होंने कार्यक्रम का संचालन किया। चंपत राय की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। दरअसल जब से राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का मामला सामने आया है, तब से चंपत राय की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है। दरअसल चंपत राय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव हैं।

इस कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने बताया कि प्रोग्राम में चंपत राय ने शेषावतार के बारे में जानकारी दी, उनके पौराणिक महत्व की चर्चा की लेकिन, चढ़ावे के विवाद पर न चंपत राय कुछ बोले और न किसी और ने कुछ कहा।

4 हजार रामभक्त कार्यक्रम में पहुंचे

मंदिर के कार्यक्रम के बारे में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के एक्स हैंडल पर भी जानकारी साझा की गई। इसमें बताया गया, "श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर आज अयोध्या धाम के पूज्य 11 संत चरणों ने ध्वज पूजन किया। अयोध्या महानगर एवं ग्रामीण के लगभग 4 हजार रामभक्त कार्यक्रम के साक्षी बने। शेषावतार मंदिर शिखर पर पूज्य महंत शशिकान्त दास जी महाराज, पूज्य ज्ञानी गुरजीत सिंह जी, पूज्य महंत रामानंद दास जी महाराज, पूज्य जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य जी महाराज, पूज्य दिनेंन्द्र दास जी महाराज, पूज्य महंत रामकुमार दास जी महाराज, पूज्य रामानुजदास जी महाराज, पूज्य  महंत रघुबीरशरण जी महाराज, पूज्य अधिकारी राजकुमार दास जी महाराज, पूज्य महंत गिरीश दास जी महाराज व महंत अवधेश दास शास्त्री जी महाराज ने शिष्यो के साथ ध्वज पूजन कर ध्वज आरोहित कराया।"

दोनों डिप्टी सीएम कार्यक्रम में नहीं पहुंचे

इस प्रोग्राम में यूपी के दोनों डिप्टी सीएम को आना था लेकिन न ब्रजेश पाठक आए और न केशव प्रसाद मौर्य आए। इससे पहले योगी आदित्यनाथ अयोध्या का दौरा कर आए थे। गौरतलब है कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी की वजह से तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं। इसमें मुख्य सवाल ये भी है कि राम मंदिर के दान पात्रों में डाले गए रुपयों की चोरी होती रही लेकिन ऐसा कैसे संभव है कि व्यवस्था देखने वालों को पता नहीं चला?

गौरतलब है कि आज ही SIT ने अपनी प्राइमरी जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी है। अब देखना ये होगा कि राम मंदिर मामले में क्या एक्शन लिया जाता है।

ये भी पढ़ें

सोनभद्र में नाले की झाड़ियों से मिला नर कंकाल, इलाके में दहशत; जांच में जुटी पुलिस

बेटी की डोली उठने के अगले दिन उठी पिता की अर्थी, शादी वाले घर में पसरा मातम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।