1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भेड़िए का निवाला बने दो मासूम, घर के बाहर खेल रहे 5 साल के लड़के को उठाया, 10 महीने की बच्ची भी बनी शिकार

भेड़िए का निवाला बने दो मासूम, घर के बाहर खेल रहे 5 साल के लड़के को उठाया, 10 महीने की बच्ची भी बनी शिकार

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 29, 2025 08:16 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 08:16 pm IST

बहराइच में दो अलग-अलग गांव में जंगली जानवरों ने मासूम बच्चों को अपना निवाला बनाया है। एक मामले में पुष्टि हो चुकी है कि हमला करने वाला जानवर भेड़िया ही था। वहीं, दूसरे मामले में भी भेड़िया के बच्ची हो उठाने की आशंका जताई जा रही है।

Wolf- India TV Hindi
बिस्तर से मासूम को ले गया जंगली जानवर Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक बार फिर जंगली जानवरों का आतंक चरम पर पहुंच चुका है। यहां कैसरगंज और खोरिया शफीक में जंगली जानवरों ने मासूम बच्चों को अपना निवाला बनाया है। दोनों घटनाओं में मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है। पहले मामले में भेड़िया ने घर के बाहर खेल रहे पांच साल के मासूम को अपना शिकार बनाया। वहीं, दूसरे मामले में जंगली जानवर मां के साथ सो रही बच्ची को बिस्तर से उठा ले गया और बाद में उसका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि भेड़िया ही मासूम को लेकर गया था।

कैसरगंज में क्या हुआ?

पहली घटना कैसरगंज तहसील के पंचायत गोडहिया नंबर तीन की है। यहां घर के बाहर खेल रहे एक पांच साल के मासूम को भेड़िया उठा ले गया। आस पास मौजूद लोग लाठी डंडे लेकर उसके पीछे दौड़े, जिसके बाद वो उसे गन्ने के खेत में छोड़ भाग गया, लेकिन तब तक भेड़िया मासूम के दोनों हाथ खा गया था। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर देख देर रात उसे लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक मासूम के बाबा विजय कुमार ने बताया कि भेड़िए ने हमारे पोते स्टार निषाद पर हमला किया था। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे देर शाम लखनऊ रेफर किया था, लेकिन जब तक हम लोग उसे लेकर लखनऊ पहुंचते रास्ते में ही फखरपुर के पास उसकी मौत हो गई।

खोरिया शफीक में क्या हुआ?

देहात कोतवाली के खोरिया शफीक में रामचंदर की करीब 10 माह की मासूम पुत्री सुनीता घर में अपनी मां की गोद में सो रही थी। इसी दौरान अचानक एक हिंसक जंगली जानवर घर में घुस आया और बच्ची को मां की गोद से ही उठा ले गया। चीख-पुकार मचने पर परिजन और ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक जानवर बच्ची को लेकर गन्ने के खेत की ओर भाग चुका था। कुछ ही देर की तलाश के बाद बच्ची का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और मातम पसर गया।

वन विभाग अधिकारियों ने क्या कहा?

सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी भिन्गा और क्षेत्रीय वनाधिकारी भिन्गा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को क्षेत्र में सक्रिय हिंसक जंगली जानवर के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। वन विभाग ने गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व निगरानी बढ़ा दी है। मासूम की दर्दनाक मौत से ग्रामीणों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जंगली जानवर को पकड़ने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।

(बहराइच से बच्चे भारती की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'कब्जा करने वालों की इतनी कुटाई हुई है कि....', सीएम योगी ने किसके लिए कही ये बात-देखें वीडियो

अयोध्या में शादी के तीसरे दिन ही दुल्हन ने दूल्हे को लगाई लाखों रुपये की चपत, नकदी-जेवर लेकर फरार

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।