1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा, CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

यूपी के दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा, CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 26, 2025 11:30 pm IST,  Updated : Aug 26, 2025 11:30 pm IST

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से यूपी की नदियां उफान पर हैं। इस बीच सीएम योगी ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य के संबंध में निर्देश दिया है।

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश।- India TV Hindi
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश। Image Source : PTI/FILE

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ के खतरे को देखते हुए मंगलवार को अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि एक बार फिर पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का पानी बढ़ने लगा है। सीएम योगी ने तत्काल मामले की गंभीरता को भांपते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। सीएम योगी ने अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करते हुए कहा कि “कोई भी व्यक्ति बाढ़ की समस्या से परेशान न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किये जाएं। साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर तत्काल पहुंचाया जाए। साथ ही उनकी हर एक आवश्यकता को पूरा किया जाए।” 

22 जिले बाढ़ से प्रभावित

सीएम योगी ने अधिकारियों को मवेशियों के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 22 जिलों की 43 तहसीलें और 768 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में बाढ़ से 2,52,839 लोग प्रभावित हैं, जिन्हें राहत सहायता प्रदान की गई है। वहीं, बाढ़ की वजह से 33,370 मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। बाढ़ से किसी परिवार के मकान को क्षति नहीं पहुंची है। प्रदेश में 37,279 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है। इन प्रभावित क्षेत्रों में 550 नावों और मोटरबोट की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इन इलाकों में मंगलवार को भोजन के 6,458 पैकेट और 7,143 लंच पैकेट वितरित किये जा चुके हैं।

इन जिलों में बाढ़ का खतरा

बता दें कि वर्तमान में प्रदेश के 22 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें वाराणसी, प्रयागराज, औरैया, बहराइच, बांदा, मिर्जापुर, कानपुर देहात, चंदौली, फतेहपुर, कानपुर नगर, बाराबंकी, बदायूं, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फनगर, शाहजहांपुर और उन्नाव शामिल हैं। इन सभी जिलों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।