1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मनचलों ने होटल जाकर रखी लड़की की डिमांड, मना करने पर महिला मैनेजर पर ताबड़तोड़ बरसाए थप्पड़

मनचलों ने होटल जाकर रखी लड़की की डिमांड, मना करने पर महिला मैनेजर पर ताबड़तोड़ बरसाए थप्पड़

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 16, 2026 01:16 pm IST,  Updated : May 16, 2026 03:59 pm IST

यूपी के गाजियाबाद में एक होटल की महिला मैनेजर से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने होटल में लड़की की डिमांड की। मना करने पर उन्होंने महिला मैनेजर के साथ मारपीट की।

महिला होटल मैनेजर से मारपीट। - India TV Hindi
महिला होटल मैनेजर से मारपीट। Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: शहर के एक होटल में महिला मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान शिवम के रूप में हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो होटल में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी बाहर से अचानक आया और महिला मैनेजर के ऊपर लगातार थप्पड़ों की बारिश करने लगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार भी हो गया। मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के शक्ति खंड स्थित होटल युवराज का बताया जा रहा है। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी शिवम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है कि किस बात को लेकर विवाद हुआ था।

लड़की की मांग ठुकराने पर की मारपीट

होटल की मैनेजर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना 25 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। जब वह होटल के रिसेप्शन ऑफिस में बैठी थीं, तभी शिवम नाम का एक व्यक्ति अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों युवकों ने होटल में लड़की की मांग की। मैनेजर द्वारा यह स्पष्ट करने पर कि यहां केवल कमरे मिलते हैं, आरोपी वहां से जाने को तैयार नहीं हुए। पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने आरोपियों को वहां से जाने के लिए कहा, तो वे अभद्रता पर उतारू हो गए। आरोपियों ने मैनेजर को पैसों का प्रलोभन देते हुए अपने साथ चलने के लिए कहा। विरोध करने पर पीड़िता ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद वे वहां से चले गए। 

आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया

हालांकि, कुछ देर बाद आरोपियों ने वापस आकर पीड़िता के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के संबंध में पुलिस ने 15 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (लज्जा भंग), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मानसी जायसवाल को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी शिवम को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटनास्थल युवराज होटल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है ताकि घटना के सही तथ्यों की जानकारी मिल सके। (इनपुट- जुबेर अख्तर)

यह भी पढ़ें-

गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या, जबरन खिलाई गर्भपात की गोलियां; महिला की हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।