1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसे: मथुरा और बदायूं में दुर्घटनाओं के कारण 2 लोगों की मौत, 20 से अधिक लोग घायल

उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसे: मथुरा और बदायूं में दुर्घटनाओं के कारण 2 लोगों की मौत, 20 से अधिक लोग घायल

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 19, 2026 05:45 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 05:45 pm IST

यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा के पास रोडवेज बस में कार टकराने से दिबियापुर के व्यवसायी और उनके बेटे की मौत हो गई। दोनों पिता-पुत्र दिल्ली जा रहे थे। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे पर भी इस तरह की घटना हुई जिसमें 20 लोग घायल हो गए।

Ganga Expressway- India TV Hindi
गंगा एक्सप्रेसवे Image Source : AP

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की सुबह दो अलग-अलग एक्सप्रेसवे पर बड़े सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में एक पिता और उनके बेटे की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये दोनों एक्सीडेंट ड्राइवरों को नींद की झपकी आने और गाड़ियों की रफ्तार बहुत तेज होने की वजह से हुए। एक घटना मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र के बरौली गांव के पास हुई। वहीं दूसरा एक्सीडेंट  वजीरगंज थाना क्षेत्र में नौली हरनाथपुर गांव के पास हुआ।

सरकारी बस से टकराई कार

मथुरा के बलदेव इलाके में बरौली गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरैया जिले के रहने वाले 58 साल के बिजनेसमैन परमहंस पांडेय अपने 27 साल के बेटे पुष्पेंद्र (बिट्टू) के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और आगे चल रही एक सरकारी बस के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से टूट-फूट गई। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक पिता और बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जब इस हादसे की खबर उनके घर पहुंची, तो परिवार में मातम छा गया और घरवाले तुरंत मथुरा के लिए निकल गए।

बेकाबू होकर पलट गई डबल डेकर कार

दूसरा एक्सीडेंट बदायूं जिले के वजीरगंज इलाके में नौली हरनाथपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ। शुक्रवार की सुबह वाराणसी से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। बस पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के गांव वाले तुरंत मदद के लिए दौड़े और लोगों को निकालने में जुट गए। खबर मिलते ही वजीरगंज पुलिस भी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंच गई।

पुलिस और गांव वालों ने मिलकर फुर्ती दिखाई और सभी घायल लोगों को इलाज के लिए तुरंत वजीरगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। कई यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर किया गया है। दुर्घटना में एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे युवक के पैर का पंजा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल है।

यह भी पढ़ें 

यूपी के संतकबीरनगर में युवक की गर्दन काटी, भीड़ ने आरोपी के घर और गुमटी फूंकी

10 साल से हिंदू विधवा महिला को 5 बच्चों का बाप अशफाक दे रहा था धोखा, नमाज पढ़वाई और मांस भी खिलाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।