कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र में एक 33 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला ने कथित तौर पर धारदार चाकू से अपने गले पर वार कर लिया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 20 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
16 साल पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान नरवल निवासी रुखसाना (33) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उसकी शादी साल 2010 में बांदा के मर्दन नाका निवासी यासीन से हुई थी। दंपती की एक 11 साल की बेटी भी है। मायके वालों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर द्वारा रुखसाना को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का ये भी आरोप है कि जनवरी 2025 में रुखसाना के साथ मारपीट कर उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। उनका यह भी कहना है कि उसके जेवर, कपड़े और अन्य सामान भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिया। कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौते की कोशिश हुई, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ। इसी तनाव के कारण रुखसाना लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
गले पर किया वार, अस्पताल में हुई मौत
परिजनों के मुताबिक, रविवार तड़के करीब चार बजे रुखसाना ने अपने गले पर चाकू से वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भाई ने बताया- बहन बेहद तनाव में रहती थी
मृतका के भाई नसीम का आरोप है कि उसकी बहन को ससुराल में बेहद खराब परिस्थितियों में रखा जाता था। उनका कहना है कि वह अक्सर मानसिक तनाव में रहती थी और ससुराल वापस ले जाने को लेकर परेशान रहती थी। घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य शहर से बाहर थे। उन्होंने कहा कि अब सबसे बड़ी चिंता रुखसाना की 11 वर्षीय बेटी के भविष्य को लेकर है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद नरवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
कानपुर में महिला से मारपीट करने वाले तीन दबंग गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस