उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना सेक्टर-142 क्षेत्र में आने वाले सेक्टर-137 स्थित गुलशन विवांते सोसाइटी में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक बहुमंजिला इमारत की ऊंचाई से गिरकर 20 साल की एक घरेलू सहायिका की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
10वें फ्लोर पर काम करती थी मोनिका
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका मोनिका सोसाइटी के 10वें फ्लोर पर स्थित गिरधारी लाल के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। देर रात अचानक बहुमंजिला इमारत की ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-142 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
एसीपी राजीव कुमार ने मामले पर क्या कहा?
मामले के बारे में जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरधारी लाल के घर काम करने वाली मोनिका की ऊंचाई से गिरने से मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर इस मामले की जांच कर रही है। एसीपी राजीव कुमार गुप्ता के अनुसार, अभी यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि यह केवल एक हादसा है या फिर युवती ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि यदि मृतका के परिवार वाले इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज कराते हैं, तो पुलिस उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
मौके पर बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए लोग
इमारत से युवती के गिरने की खबर मिलते ही सोसाइटी और आसपास के बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। वहां जमा हुए कुछ लोगों ने इस घटना के पीछे हत्या की आशंका भी जताई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि वे सभी तरह की संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें
हेलीकॉप्टर की हवा से सड़क पर गिरे बाइक सवार, पुष्प वर्षा के दौरान हादसा
बरेली में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की हुई मौत; 13 घायल